हजारीबाग: जिले के बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत करसो पुल के समीप अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. युवक तीर्थ यात्रा करने केदारनाथ जा रहे थे. मृतक की पहचान शहर के ओकनी निवासी विक्की सोनी के रूप में हुई है. इस हत्या ने लोगों को चौंका दिया है. साथ ही पुलिसिंग पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

मिली जानकारी के अनुसार विक्की सोनी अपने एक मित्र के साथ केदारनाथ तीर्थ यात्रा के लिए निकले थे. मित्र ने बताया कि वह उन्हें कोडरमा रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहा था. इसी दौरान करसो पुल के पास उनकी कार पंचर हो गई. कार रुकने के कुछ देर बाद टायर खोलने के दौरान बाइक सवार दो अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और विक्की सोनी के गर्दन में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

इधर, परिजन अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बरही भेज दिया है. थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि हत्या के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी की जाएगी.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version