चेन्नई : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। राज्य में विधानसभा चुनाव के बाद इस महीने की शुरुआत में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के बाद विजय की प्रधानमंत्री से यह पहली मुलाकात है।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।”
पीएम मोदी और विजय के बीच यह बैठक लगभग 20 मिनट तक चली। इसमें विजय ने हाल ही में हॉलैंड से प्राचीन तांबे की प्लेटें वापस लाने के लिए पीएम मोदी का धन्यवाद किया। साथ ही, दो मामलों में मांग भी की। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से बड़ी मांग यह की कि सरकारी कार्यक्रमों की शुरुआत में राज्य गान बजाने की अनुमति दी जाए। दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्रालय के जनवरी में आदेश जारी किया था, जिसमें कहा गया था कि जब राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान एक साथ बजाए जाएं, तो ‘वंदे मातरम’ के सभी छह छंद पहले गाए जाने चाहिए।
इसके अलावा, विजय ने पीएम मोदी के सामने एक और मांग रखी जोकि तमिलनाडु के मछुआरों की गिरफ्तारी से जुड़ी हुई थी। मुख्यमंत्री ने श्रीलंकाई नौसेना द्वारा तमिलनाडु के मछुआरों को गिरफ्तार किए जाने और परेशान किए जाने की बढ़ती घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि अकेले वर्ष 2026 में ही गिरफ्तारी की ऐसी 12 घटनाएं हुई हैं, 58 मछुआरे इस समय श्रीलंकाई हिरासत में हैं, और 266 मछली पकड़ने वाली नावें जब्त कर ली गई हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग करते हुए अनुरोध किया कि वे श्रीलंका सरकार से आग्रह करें कि वह इन मछुआरों और उनकी नावों को तत्काल रिहा करे।
सेवा तीर्थ में हुई पीएम मोदी से मुलाकात
नए प्रधानमंत्री कार्यालय ‘सेवा तीर्थ’ में दोनों नेताओं के बीच करीब 20 मिनट तक बैठक हुई। मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं का फोटो साझा करते हुए मुलाकात की जानकारी दी। दोनों के बीच यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और तमिलनाडु का नया नेतृत्व, दोनों ही अपने राजनीतिक समीकरणों को नए सिरे से साधने में जुटे हैं। विजय का राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी तथा राहुल गांधी से मुलाकात का कार्यक्रम है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version