मांडर: जाहेर गांव स्थित पांच एकड़ जमीन को लेकर सीओ चंचला कुमारी के नेतृत्व में शुक्रवार हुई बैठक बेनतीजा निकली। इससे नाराज ग्रामीणों ने लगभग एक एकड़ में मदर्स इंटरनेशनल स्कूल द्वारा कराई गई चहारदीवारी तोड़ दी। घटना शुक्रवार को दिन के लगभग तीन बजे की है। इस दौरान ग्रामीणों ने मदर्स इंटरनेशनल स्कूल के दो शिक्षकों की पिटाई कर दी जिससे उनके सिर में चोट लगी है दोनों का इलाज रेफरल अस्पताल मांडर में कराया गया। इस मामले में स्कूल प्रबंधन ने छह नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत मांडर थाने में दर्ज कराई है। इससे पहले मदर्स इंटरनेशनल स्कूल प्रबंधन और ग्रामीणों के बीच जमीन विवाद को लेकर सीओ चंचल कुमारी की अध्यक्षता में बैठक की गई।
ग्रामीणों का कहना था कि यह स्कूल और स्कूल के आसपास की जमीन गैर मजरुआ जमीन है और यह किसी व्यक्ति विशेष की नहीं हो सकती। वहीं स्कूल प्रबंधन का कहना था कि पांच एकड़ जमीन उन्होंने खरीदी है और वह उसी स्थान पर अपना निर्माण करा रहे हैं। लगभग 10 साल से इस स्थान पर स्कूल की बिल्डिंग बनी है और स्कूल भी चल रहा है। ग्रामीण और स्कूल प्रबंधन के बीच विवाद का कोई स्थायी समाधान नहीं निकलने पर सीओ चंचला कुमारी ने दोनों पक्षों को अपने-अपने कागजात लेकर अंचल कार्यालय आने को कहा और वहां से चली आईं। इसके बाद ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन द्वारा लगभग एक एकड़ जमीन में कराई गई चहारदीवारी तोड़ दी। वहीं स्कूल प्रबंधन द्वारा विरोध करने पर ग्रामीणों ने चार शिक्षकों की पिटाई कर दी, इसमें दो शिक्षकों के सिर में चोट लगी है और उनका इलाज रेफरल अस्पताल मांडर में कराया गया। कोट चंचला कुमारी, मांडर सीओ स्कूल प्रबंधन के पास पांच एकड़ जमीन के कागजात हैं, ग्रामीण और स्कूल प्रबंधन के बीच विवाद है तो उसे मिल-बैठकर निपटाना चाहिए।


