
रांची।
पहाड़ी मंदिर विकास समिति द्वारा बसंत पंचमी के अवसर पर भव्य तिलकोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रातः नित्य पूजा-अर्चना एवं आरती के पश्चात पहाड़ी बाबा को भोग अर्पित किया गया। इसके बाद सुबह 8 बजे से महाभंडारे का आयोजन प्रारंभ हुआ, जो देर रात तक चला। इसमें लगभग 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने महाभंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।
दोपहर में रंग-बिरंगे मौसमी पुष्पों एवं आभूषणों से पहाड़ी बाबा का भव्य श्रृंगार किया गया। भक्तों ने बाबा के मनोहारी श्रृंगार दर्शन कर अपने एवं परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
प्रसाद के लिए लगी लंबी कतार
महाभंडारे के दौरान श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। भक्तों ने अनुशासन में कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। प्रसाद में पूरी, बूंदिया, खीर, सब्जी एवं अन्य व्यंजन परोसे गए।
इनका रहा विशेष योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिव प्रसाद गुप्ता, अमित कुमार, अंजन कुमार, गोपाल कुमार, अमित पांडेय, रमन, कुणाल, जितेंद्र पहलवान, आनंद गाड़ोदिया, सुनील माथुर सहित अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।

