ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।
धनबाद सिविल कोर्ट को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। खचाखच भरे कोर्ट परिसर को धमकी मिलने के बाद कोर्ट परिसर में अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 11 बजे कोर्ट के आधिकारिक ईमेल आईडी पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने धमकी भरा मेल भेजा। मेल मिलते ही न्यायिक पदाधिकारियों और वकीलों में हड़कंप मच गया। एहतियातन कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया। कोर्ट में बम की धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा सक्रिय हो गया। एसएसपी प्रभात कुमार को मामले की जानकारी दी गई, जिसके बाद सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम, डीएसपी सीसीआर सुमित कुमार और धनबाद थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बम निरोधक दस्ता (बम स्क्वायड) भी तत्काल कोर्ट परिसर पहुंच गया और सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।
पुलिस टीम ने सभी कोर्ट रूम, न्यायिक पदाधिकारियों के कक्ष, वकीलों के सिरिस्ता (चेंबर) और परिसर में खड़ी गाड़ियों की बारीकी से जांच की। सुरक्षा के मद्देनजर आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। तलाशी के दौरान संदिग्ध वस्तुओं की तलाश में डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है किजांच जा फिलहाल री है और ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। ईमेल किस आईडी से भेजा गया और उसका स्रोत क्या है, इसका पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा के सभी मानकों का पालन किया जा रहा है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
फिलहाल धनबाद कोर्ट परिसर में जांच जारी है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version