रांचीः दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय बैंड प्रतियोगिता में झारखंड के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रोशन किया. पाइप बैंड प्रतियोगिता (बालिका वर्ग) में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कांके ने प्रथम स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की. वहीं पाइप बैंड (बालक वर्ग) में कैराली स्कूल, सेक्टर-2 विजेता बना. इसके अलावा ब्रास बैंड (बालक वर्ग) में संत जेवियर हाई स्कूल, लुपुंगुटू, चाईबासा ने तृतीय स्थान प्राप्त कर राज्य को गौरवान्वित किया.

इन उपलब्धियों को राज्य के लिए ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बताया जा रहा है. इसी उपलब्धि के क्रम में लोक भवन, रांची में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के उत्कृष्ट स्वयंसेवकों से संवाद किया. उन्होंने कहा कि झारखंड के स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों की उपलब्धियां पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय हैं. उन्होंने उल्लेख किया कि कुछ स्वयंसेवकों को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित होने का अवसर प्राप्त हुआ. कुछ ने गणतंत्र दिवस परेड शिविर–2026 में झारखंड का प्रतिनिधित्व किया तथा कई स्वयंसेवक गणतंत्र दिवस एवं स्वतंत्रता दिवस समारोह में अतिथि के रूप में शामिल हुए. यह उनकी प्रतिबद्धता, अनुशासन और सेवा-भाव का प्रमाण है.
इस संवाद के दौरान यह भी बताया गया कि झारखंड के स्वयंसेवकों को ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग–2026’ में प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार रखने का अवसर मिला. इसे राज्य के लिए सम्मान की बात बताया गया. राष्ट्रीय सेवा योजना के मूल मंत्र “स्वयं से पहले समाज” का उल्लेख करते हुए कहा गया कि यह युवाओं को सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ता है. स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, पर्यावरण संरक्षण, ग्राम विकास, आपदा राहत और सामाजिक जागरूकता जैसे क्षेत्रों में NSS स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी सराहनीय रही है. लोक भवन में स्वामी विवेकानंद जयंती पर आयोजित रक्तदान शिविर में स्वयंसेवकों की सहभागिता की भी प्रशंसा की गई.
राज्यपाल के द्वारा उत्कृष्ट स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई. विद्यार्थियों की उपलब्धियों और स्वयंसेवकों की सेवा-भावना ने यह संदेश दिया कि झारखंड के युवा शिक्षा, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण तीनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version