
झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) से आज उनके धुर्वा स्थित ऊर्जा निगम लिमिटेड के कार्यालय में झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में मिला। प्रतिनिधिमंडल ने आगामी बहाली प्रक्रिया में वर्ष 2016 एवं 2018 की भांति मानव दिवस कर्मियों को नियुक्ति में प्राथमिकता प्रदान करने संबंधी ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि विभाग में वर्षों से कार्यरत मानव दिवस कर्मियों एवं एजेंसी कर्मियों ने विषम परिस्थितियों में भी निष्ठापूर्वक अपनी सेवाएं दी हैं। ऐसे कर्मियों को आगामी नियुक्ति प्रक्रिया में प्राथमिकता देना न केवल न्यायोचित होगा, बल्कि विभागीय अनुभव और दक्षता को भी सुदृढ़ करेगा।
ज्ञापन में संघ की ओर से प्रमुख रूप से निम्न मांगें रखी गईं—
वर्ष 2016 (नियोजन संख्या–02/2015) एवं वर्ष 2017 (नियोजन संख्या–03/2016) की तर्ज पर मानव दिवस कर्मियों को नियुक्ति में प्राथमिकता एवं आयु सीमा में 05 वर्ष की छूट प्रदान की जाए।
वर्ष 2014 में विभागीय सर्वे के आधार पर तैयार मानव दिवस कर्मियों की सूची को कार्यकाल गणना हेतु आधार बनाया जाए तथा वर्ष 2014 के बाद कार्यरत कर्मियों को भी उनके वास्तविक अनुभव के आधार पर वरीयता दी जाए।
वर्तमान एजेंसी व्यवस्था की समीक्षा कर प्रत्यक्ष व्यवस्था पुनः लागू की जाए अथवा राज्य के अन्य विभागों की भांति एकल एजेंसी (जैप-आईटी) को अधिकृत किया जाए।
कार्य के दौरान दिवंगत दैनिक वेतनभोगी कर्मियों के आश्रितों को नियमानुसार रोजगार उपलब्ध कराने हेतु मानवीय एवं स्पष्ट नीति बनाई जाए।
अजय राय ने कहा कि “मानव दिवस कर्मी वर्षों से विभाग की रीढ़ के रूप में कार्य कर रहे हैं। उनकी उपेक्षा न केवल अन्यायपूर्ण होगी, बल्कि विभागीय कार्यकुशलता पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालेगी। हमें विश्वास है कि प्रबंधन उनके हितों की रक्षा हेतु सकारात्मक निर्णय लेगा।”
सीएमडी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि संघ द्वारा प्रस्तुत मांगों पर सकारात्मक एवं सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभागीय हितों एवं कर्मियों के न्यायसंगत अधिकारों के मध्य संतुलन स्थापित करते हुए उचित निर्णय लिया जाएगा।
श्रमिक संघ ने सीएमडी के आश्वासन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि आगामी बहाली प्रक्रिया में मानव दिवस कर्मियों को न्याय मिलेगा और उनकी वर्षों की सेवा का सम्मान सुनिश्चित होगा। प्रतिनिधि मंडल में अध्यक्ष अजय राय महामंत्री अमित कुमार कश्यप अमित शुक्ला अनिकेत सिंह मुकेश साहू श्याम दीप कुमार रामू कुमार आदि शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने जीएम एच आर सुनील दत्त खाखा से भी मिलकर उन्हें भी ज्ञापन दिया।

