राँची: झारखंड में मौसम ने एक बार फिर लोगों को चौंका दिया है। उत्तरी भारत में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ का असर अब राज्य में साफ नजर आने लगा है। सर्द हवाओं की वजह से तापमान तेजी से नीचे गिरा है और ठंड का असर कई जिलों में काफी बढ़ गया है। हालात ऐसे हैं कि राज्य के ज्यादातर इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री तक नीचे चला गया है।

रांची-जमशेदपुर को छोड़ बाकी जिलों में ज्यादा ठंड
राजधानी रांची और जमशेदपुर को छोड़ दें तो राज्य के अधिकतर जिलों में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। सबसे ज्यादा ठंड गुमला में देखने को मिली, जहां न्यूनतम तापमान सिर्फ 5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं खूंटी, सिमडेगा और मेदिनीनगर जैसे जिलों में भी सुबह और शाम ठंड लोगों को परेशान कर रही है।


9 फरवरी से फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 9 फरवरी से झारखंड के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिलेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे और यह सिलसिला करीब चार दिनों तक जारी रह सकता है। हालांकि बादलों की वजह से न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी जरूर हो सकती है, लेकिन ठंड का एहसास बना रहेगा।

अभी राहत नहीं, सर्द हवाएं रहेंगी जारी
फिलहाल ठंड से राहत मिलने की उम्मीद कम ही है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। सर्द हवाएं चलती रहेंगी और तापमान कम बना रहेगा। राज्य में अभी बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन बादल छाए रहने से सुबह के समय हल्का कुहासा देखने को मिल सकता है।

रांची का तापमान लगभग सामान्य
राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, रांची का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम है, जबकि अधिकतम तापमान लगभग सामान्य बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया।

इन जिलों में रहा सबसे कम न्यूनतम तापमान
गुमला – 5.0 डिग्री
खूंटी – 5.7 डिग्री
सिमडेगा – 6.9 डिग्री
मेदिनीनगर – 7.1 डिग्री
हजारीबाग – 8.6 डिग्री
सरायकेला – 8.6 डिग्री
पाकुड़ – 9.6 डिग्री
लोहरदगा – 9.8 डिग्री

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version