भारत ने USA को 29 रन से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है. भारत की ओर से कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 84 रन की अर्धशतकीय पारी खेली. जबकि गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज ने तीन, अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट चटकाए. वरुण चक्रवर्ती ने एक बल्लेबाज को आउट किया.भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 161 रन का स्कोर खड़ा किया था. जिसके जवाब में यूएसए की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर केवल 132 रन ही बना पाई. USA की ओर से मिलिंद कुमार 34 और संजय कृष्णमूर्ति ने 37 रनों की पारी खेली. इसके अलावा शुभम रंजने ने 37 रन की पारी खेली.वानखेड़े स्टेडियम में जब भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत करने उतरी तो शुरुआत बहुत खराब रही. कमजोर मानी जा रही यूएसए की टीम ने भारत की मजबूत बल्लेबाजी क्रम को धराशायी कर दिया. 13वें ओवर में भारत का स्कोर छह विकेट पर 77 रन हो गया था और टीम बुरी तरह लड़खड़ा गई थी लेकिन सूर्यकुमार ने अकेले दम पर पारी को संभाला. सूर्या अंत तक डटे रहे. उन्होंने 49 गेंद की नाबाद पारी में 10 चौके और चार छक्कों की मदद से 84 रनों की नाबाद पारी खेली. उनके अलावा केवल तीन बल्लेबाज ही दोहरे अंक तक पहुंच सके. जिसमें तिलक वर्मा ने 25 रन और ईशान किशन ने 20 रन का योगदान दिया. सूर्यकुमार (नाबाद 84 रन) को छोड़कर भारत का मजबूत बल्लेबाजी लाइन-अप पूरी तरह नाकाम रहा और एक समय टीम बहुत कम स्कोर पर सिमटने की ओर बढ़ती दिख रही थी.

यूएसए की ओर से शाल्कविक ने चटकाए 4 विकेट
दक्षिण अफ्रीका में जन्में शैडली वान शाल्कविक ने चार ओवर में 25 रन देकर चार विकेट झटके. इसके अलावा हरमीत सिंह ने दो, अली खान और मोहम्मद मोहसिन ने एक-एक बल्लेबाजों को आउट किया.

12 फरवरी को भारत और नामिबिया के बीच भिड़ंत
भारत का अगला मुकाबला 12 फरवरी को नामिबिया के खिलाफ होगा. मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा.

प्वाइंट्स टेबल में अपने ग्रुप में भारत टॉप पर
टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत होते ही प्वाइंट्स टेबल पर टीम इंडिया ने कब्जा कर लिया है. अपने ग्रुप में भारत 2 अंक और +1.450 नेट रन रेट लेकर सबसे ऊपर है. जबकि पाकिस्तान +0.240 नेट रन रेट और दो अंकों के साथ दूसरे नंबर पर है.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version