आंदोलन के पूर्व छात्रों को माइनर पेपर में सिर्फ एक ही विषय का था विकल्प आंदोलन के बाद छात्रों को मिला पांच विषयों का विकल्प

मांडर!अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मांडर महाविद्यालय इकाई के नेतृत्व में आज मांडर महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने बीए सेमेस्टर-1 के माइनर पेपर में बिना पूर्व सूचना किए गए बदलाव के विरोध में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। यह आंदोलन नगर मंत्री रोहित साहू के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय प्रशासन पर आरोप लगाया कि परीक्षा से मात्र दो दिन पूर्व जारी नोटिफिकेशन में कई ऑनर्स विषयों के छात्रों को माइनर पेपर के लिए केवल एक ही विषय का विकल्प दिया गया था, जिससे छात्रों के बीच असमंजस एवं आक्रोश की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। छात्रों का कहना था कि इतनी कम अवधि में अचानक बदलाव करना उनकी तैयारी एवं परीक्षा प्रदर्शन को प्रतिकूल रूप से प्रभावित करता।
धरना-प्रदर्शन और विद्यार्थियों के चरणबद्ध आंदोलन के बाद महाविद्यालय प्रशासन को अपनी अधिसूचना में संशोधन करना पड़ा। संशोधित नोटिफिकेशन में अब छात्रों को माइनर पेपर हेतु 5 से 6 विषयों का विकल्प उपलब्ध कराया गया है, जिससे छात्र-छात्राओं को अपनी रुचि एवं सुविधा के अनुसार विषय चयन करने का अवसर प्राप्त हुआ है।
प्रदेश शोध कार्य सह प्रमुख आदर्श प्रसाद ने बताया कि बिना कोई बैठक के बिना किसी तरह के विचार विमर्श के नोटिफिकेशन जारी करना मांडर महाविद्यालय के तानाशाह पद्धति को दिखाता है एवं छात्रों को इससे काफी समस्या उत्पन्न होती है उन्होंने कहा कि अगर आगे इस तरह की गलती दोबारा की गई तो विद्यार्थी परिषद ईंट से ईंट बजाने का कार्य करेगी
इस अवसर पर नगर मंत्री रोहित साहू ने कहा कि छात्र हितों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विद्यार्थी परिषद सदैव छात्रों की समस्याओं के समाधान हेतु संघर्षरत रही है और आगे भी छात्र अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज बुलंद करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि यह जीत मांडर महाविद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं की एकजुटता एवं संघर्ष का परिणाम है। विद्यार्थी परिषद का यह आंदोलन स्पष्ट करता है कि संगठित प्रयास से छात्र हितों की रक्षा संभव है।
धरना-प्रदर्शन में प्रदेश शोध सह प्रमुख आदर्श प्रसाद प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दीपक कुमार सिंह नगर मंत्री रोहित साहू बिट्टू सिंह अन्नू कुमारी काजल कुमारी अंजली कुमारी अंजना कुमारी जिला संयोजक राहुल ठाकुर प्रतिमा कुमारी अनिशा कुमारी रेणु कुमारी सहित सैकड़ो विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version