
पलामू: जिले में बुधवार शाम आंधी तूफान की वजह से पीपल का पेड़ गिरने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई. घटना हैदरनगर हाई स्कूल-शिवालय रोड स्थित मरघटिया के पास हुई. मृतक की पहचान औरंगाबाद जिले के बड़ेम थाना क्षेत्र अंतर्गत तिवारीडीह निवासी 50 वर्षीय कामदेव चंद्रवंशी और रामबांध धोबियाडीह टोला निवासी अनिल चंद्रवंशी (45) के रूप में हुई है. कामदेव अपने रिश्तेदार के घर रामबाध के धोबियाडीह टोला निवासी अनिल चंद्रवंशी के घर आए हुए थे.
दवाई लेकर लौटने के दौरान हुआ हादसा
घटना के संबंध में बताया जाता है कि कामदेव चंद्रवंशी एक शादी समारोह में शामिल होने हैदरनगर के रामबांध टोला के धोबियाडीह आए हुए थे. इसी दौरान उनकी तबीयत खराब होने पर अनिल चंद्रवंशी उन्हें बाइक से इलाज कराने हैदरनगर लाए थे. इलाज के बाद दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे.
इसी दौरान तेज आंधी-तूफान के बीच मरघटिया रोड पर पीपल का विशाल पेड़ अचानक बाइक पर गिर गया. पेड़ गिरते ही दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और दोनों को निजी वाहन से अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने कामदेव चंद्रवंशी को मृत घोषित कर दिया.
वहीं, गंभीर रूप से घायल अनिल चंद्रवंशी की स्थिति नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच रेफर कर दिया गया. जिसके बाद उसकी भी मौत हो गई. इस घटना में एक दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से जख्मी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.
इधर, मेदिनीनगर के सिंगरा खुर्द इलाके में रेलवे ट्रैक पर पीपल का पेड़ गिरने से रेलवे का थर्ड लाइन पर परिचालन बाधित हो गई थी. घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे के कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को सामान्य किया गया.
अचानक आए तूफान और इस दर्दनाक हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया. घटना की सूचना मिलते ही हैदरनगर थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और घायल एवं मृतक को अनुमंडलीय अस्पताल भेजने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है.

