राष्ट्रीय संत सुरक्षा अभियान के अंतर्गत सम्पूर्ण भारत में मौन रैली
रांची, समस्त जैन समाज एवं विभिन्न सामाजिक-धार्मिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में “राष्ट्रीय संत सुरक्षा अभियान” के अंतर्गत दिनांक 25 मई 2026 (सोमवार) को प्रातः 8:00 बजे रांची शहर में एक विशाल शांतिपूर्ण “ मौन रैली ” का आयोजन किया गया है। यह रैली हाल ही में पैदल विहाररत पूज्य आर्यिका माताजी एवं संघ के साथ हुई अत्यन्त दुःखद घटना के विरोध एवं संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर आयोजित की जा रही है। उक्त घटना से सम्पूर्ण जैन समाज में गहरा दुःख, चिंता एवं आक्रोश व्याप्त है। जैन साधु-संत अहिंसा, संयम एवं त्याग के प्रतीक होते हैं। वे निहत्थे एवं पैदल विहार करते हुए समाज को शांति और मानवता का संदेश देते हैं। ऐसे संतों के साथ बढ़ती दुर्घटनाएँ एवं असुरक्षा की घटनाएँ अत्यन्त गंभीर विषय हैं, जिन पर समाज एवं प्रशासन दोनों को संवेदनशीलता के साथ विचार करने की आवश्यकता है। रैली के माध्यम से प्रशासन एवं सरकार से निम्न प्रमुख मांगें रखी जाएंगी।
* घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जाँच
* संत सुरक्षा प्रोटोकॉल तत्काल लागू किया जाए
* राष्ट्रीय संत सुरक्षा नीति बनाई जाए
* दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए
* संत विहार मार्गों पर सुरक्षा एवं प्रशासनिक समन्वय सुनिश्चित किया जाए।
यह मौन रैली पूर्णतः शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं अहिंसात्मक होगी। रैली के दौरान प्रशासनिक दिशा-निर्देशों एवं कानून-व्यवस्था का पूर्ण पालन किया जाएगा। समस्त समाजबंधुओं, युवाओं, महिलाओं एवं नागरिकों से अपील की जाती है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर संत सुरक्षा एवं अहिंसा के इस जन- जागरण अभियान को सफल बनाएं। रैली जैन मन्दिर अपर बाज़ार से कचहरी रोड होते हुए लोक भवन जाएंगी एवं समाज के प्रतिनिधियों द्वारा राज्यपाल महोदय को ज्ञापन दिया जाएगा और इस संदर्भ में भारत सरकार तक जैन समाज की मांगों को सूचित करने की अनुशंसा की जाएगी। समाज के मंत्री जीतेन्द्र छाबड़ा एवं अध्यक्ष प्रदीप बाकलीवाल ने लोगों से अनुरोध किया है कि समय पर अधिक संख्या में शामिल हों ताकी इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो। यह जानकारी मीडिया प्रभारी राकेश काशलीवाल ने दी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version