
पलामू। पलामू जिले में होली के त्योहार के बीच एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हुसैनाबाद अनुमंडल के देवरी ओपी क्षेत्र में सोन नदी के किनारे एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
बीते मंगलवार देर शाम कुछ ग्रामीणों ने सोन नदी किनारे एक युवती का शव पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत देवरी ओपी पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एएसआई सुरेश राम ने वरीय अधिकारियों को जानकारी दी।
मौके पर एसडीपीओ एस.एस. मोहम्मद याकूब के साथ हुसैनाबाद थाना, देवरी ओपी, दंगवार ओपी और महिला थाना की पुलिस टीम पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के इलाके की जांच शुरू कर दी। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए।
पहचान में हो रही है परेशानी
पुलिस के अनुसार, युवती की उम्र लगभग 26 वर्ष बताई जा रही है। शव का कुछ हिस्सा बालू से ढका था और लंबे समय तक पानी में रहने के कारण वह फूल गया है। इसी वजह से उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
युवती ने लाल रंग का सलवार-सूट पहन रखा था और उसके दाहिने हाथ में एक चूड़ी मिली है। उसकी लंबाई करीब पांच फीट बताई जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवती शादीशुदा थी या अविवाहित।

