राँची: झारखंड की राजधानी रांची से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है. रिम्स के सर्जरी विभाग के पोस्ट ग्रेजुएट प्रथम वर्ष के 32 वर्षीय छात्र डॉ. सानु सनल बरवार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. उनका शव शहर के कटहल मोड़ स्थित एक मकान से बरामद किया गया है. इस घटना के बाद से पूरे इलाके और रिम्स मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों व छात्रों के बीच शोक और हड़कंप का माहौल है. उल्लेखनीय है कि पिछले 14 दिनों के दौरान रिम्स के दो छात्रों के द्वारा आत्महत्या करने की दूसरी घटना है. इससे पहले बीते 16 मई को रिम्स एमबीबीएस के एक छात्र ने सुसाइड कर लिया था. वो हॉस्टल के कमरे में फांसी का फंदा लगा लटक गया था.


पूर्व स्वास्थ्य निदेशक के पुत्र थे डॉ. सानु:
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक डॉ. सानु सनल बरवार का गहरा पारिवारिक संबंध झारखंड के चिकित्सा जगत से रहा है. वे स्वास्थ्य विभाग के पूर्व निदेशक डॉ. हिमांशु शेखर के पुत्र थे. डॉ. सानु मूल रूप से रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र के रहने वाले थे. होनहार डॉक्टर की इस तरह अचानक हुई मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

बंद कमरे में मिला शव, सनसनी:
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, डॉ. सानु का शव कटहल मोड़ के समीप स्थित एक मकान में संदिग्ध अवस्था में पाया गया. कमरे की स्थिति और शव को देखने के बाद आसपास के इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर तुरंत पोस्टमार्टम के लिए रिम्स अस्पताल भेज दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के स्पष्ट कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version