नई दिल्ली। असम में शनिवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हुआ। राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन जंगली हाथियों के झुंड से टकरा गई, जिससे इंजन समेत ट्रेन की पांच बोगियां पटरी से उतर गईं। यह घटना पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के लुमडिंग डिवीजन के जमुनामुख–कामपुर रेल खंड में हुई। वन अधिकारियों के अनुसार, सैरांग–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस असम के होजाई जिले में हाथियों के झुंड से टकरा गई। इस हादसे में आठ हाथियों की मौत हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।
दुर्घटनास्थल गुवाहाटी से करीब 126 किलोमीटर दूर है। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और राहत ट्रेनें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे के कारण ऊपरी असम और पूर्वोत्तर के कई हिस्सों की रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं। पटरी पर बोगियों के उतरने और हाथियों के शव पड़े होने से ट्रेनों का संचालन बाधित रहा। प्रभावित बोगियों के यात्रियों को अस्थायी रूप से ट्रेन के अन्य डिब्बों में खाली सीटों और बर्थ पर शिफ्ट किया गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि गुवाहाटी पहुंचने पर ट्रेन में अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जाएंगे, ताकि यात्रियों को आगे की यात्रा में कोई परेशानी न हो।
मिली जानकारी के अनुसार यह इलाका आधिकारिक हाथी कॉरिडोर नहीं है। लोको पायलट ने पटरी पर हाथियों को देखकर इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन इसके बावजूद हाथी ट्रेन की ओर दौड़ पड़े और यह हादसा हो गया।


