हाजीपुर।‎ पूर्व मध्य रेल द्वारा बिना पर्याप्त कारण अवैध रूप से चेन पुलिंग करके रेल गाड़ियों को जहां-तहां रोकने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जाती रही है। इसी क्रम पूर्व मध्य रेल के सुरक्षा बलों द्वारा ऑपरेशन ‘‘समय पालन‘‘ के तहत ऐसे लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि ट्रेनें अनावश्यक रूप से विलंब ना हो।

पूर्व मध्य रेल की सख्त कार्रवाई, चेन पुलिंग करने वाले 1003 लोग तथा महिला डिब्बे में यात्रा करने वाले 2267 पुरुष यात्री लिए गए हिरासत में

पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि ऑपरेशन ‘‘समय पालन‘‘ के तहत नवंबर माह में रेलवे सुरक्षा बल की टीम द्वारा पूर्व मध्य रेल के विभिन्न रेलखंडों में बिना उचित कारण के चेन पुलिंग करने के आरोप में 1003 लोगों को हिरासत में लिया गया। इन लोगों के विरूद्ध रेल अधिनियम की धारा 141 के तहत कार्रवाई की गई। ऑपरेशन ‘‘समय पालन‘‘ के तहत् इस दौरान सर्वाधिक 405 लोग दानापुर मंडल में पकड़े गये जबकि समस्तीपुर मंडल में 249, पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 135, सोनपुर मंडल में 111 तथा धनबाद मंडल में 103 लोगों को हिरासत में लिया गया।

इसी तरह महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर ऑपरेशन ‘‘महिला सुरक्षा‘‘ के तहत महिला कोच में यात्रा करने वाले पुरुष यात्रियों के खिलाफ भी धर-पकड़ अभियान चलाया गया। ऑपरेशन ‘‘महिला सुरक्षा‘‘ मे तहत नवंबर माह में रेलवे सुरक्षा बल की टीम द्वारा पूर्व मध्य रेल के विभिन्न रेलखंडों पर महिला कोच में यात्रा करने के आरोप में रेल अधिनियम की धारा 162 के तहत 2267 पुरुष यात्रियों को हिरासत में लिया गया। इनमें सर्वाधिक 1084 लोग दानापुर मंडल में पकड़े गये जबकि पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 558, धनबाद मंडल में 355, समस्तीपुर मंडल में 148 तथा सोनपुर मंडल में 122 पुरुष यात्रियों कोे हिरासत में लिया गया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version