जमशेदपुर: जिले के बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी के पास अज्ञात अपराधियों ने एक लोको पायलट की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान आदित्यपुर के रहने वाले जीके गौतम के रूप में हुई है. यह घटना देर रात की है.

मिली जानकारी के मुताबिक आदित्यपुर के रहने वाले जीके गौतम रेलवे में लोको पायलट थे. रविवार देर रात वह मालगाड़ी लेकर टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे. स्टेशन से निकलकर वह संयुक्त चालक और परिचालक लॉबी जा रहे थे. इसी दौरान लॉबी के बाहर घात लगाए बैठे बाइक सवार अपराधियों ने उसे दो गोली मार दी और मौके से फरार हो गए.

इधर, गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि एक व्यक्ति सड़क पर लहूलुहान अवस्था में पड़ा हुआ है. जिसके बाद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. बागबेड़ा थाना प्रभारी के साथ सीटी एसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौजूद लोगों से पूछताछ कर घायल जीके गौतम को टीएमएच अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों में आक्रोश है.

मामले में सीटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए आसपास क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है. उन्होंने बताया कि जानकारी के अनुसार दो की संख्या में अपराधी थे. पुलिस इस घटना के पीछे का कारण पता लगा रही है. लोको पायलट जमीन कारोबार से जुड़े होने की भी जानकारी मिली है. इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है. मामले में कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. जल्द ही मामले का खुलासा हो जाएगा.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version