
: रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा चयनित इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य एवं स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्यों को आज सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हाथों नियुक्ति-पत्र सौंपा गया. झारखंड मंत्रालय में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावे वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय यादव और राज्य सरकार के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद थे. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुल 316 नवनियुक्त सहायक आचार्यों एवं 17 महिला पर्यवेक्षिकाओं को नियुक्ति पत्र बांटा. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हमलोगों ने प्रयास किया है कि सरकार अपने विभागों में मानव संसाधनों को मजबूत करे. राज्य के समग्र विकास के पहिए को गति देने का हम लोगों ने प्रयास किया है. उन्होंने कहा कि आप सब जानते हैं कि झारखंड प्रदेश की सामाजिक भौगोलिक संरचना कैसी है. यहां तक कि शिक्षा को भी ले करके झारखंड प्रदेश एक अलग पहचान भी बनाता है. चाहे वह खेल का हो, या शिक्षा का. आपको पता है कि नेतरहाट जैसे स्कूल जहां देश के सबसे अधिक आईएएस-आईपीएस निकले हैं, लेकिन कहीं ना कहीं कुछ वजहों से हमारे झारखंड प्रदेश में शुरू से काम करने की आवश्यकता थी, जो कहीं ना कहीं यह छुटा रह गया.
कहा कि आज हमारे ग्रामीण क्षेत्र किस तरीके से यहां का भौगोलिक बनावट है, जिस तरीके से यहां के लोगों का रहन-सहन है, संस्कृति है, जो यहां का सामाजिक ताना-बाना है, मुख्य रूप से आदिवासी बहुल राज है और आदिवासी समुदाय, दलित पिछड़ा समुदाय आज से नहीं बल्कि आजाद भारत के पहले से लेकर के आज तक कहीं ना कहीं प्रतिपर्द्धा के इस दौर में इस वक्त में भी वह इस गति को पकड़ पाने में सक्षम नहीं हो पाए. इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नवनियुक्त सहायक आचार्य और महिला पर्यवेक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सिर्फ नियुक्ति नहीं है, बल्कि आपके माध्मम से हम हरेक व्यक्ति तक जुड़कर भविष्य के लिए तैयार कर रहे हैं. हरेक व्यक्ति से जुड़ने के लिए आपको अभिन्न अंग बनाया है. आप लोग सीधे तौर पर ऐसे लोगों से जुड़ेंगे जिन्होंने आज तक अपने गांव के अलावा अपने जिला के मुख्यालय तक नहीं देखा होगा. एक सीमित क्षेत्र में एक उनकी जिंदगी रही होगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज लोगों को बदलते परिवेश में कैसे आगे लाकर इन्हें मजबूत करना है, यह बहुत बड़ी चुनौती आपके ऊपर आने वाली है. यह कहा जाए कि आज के बाद यह जिम्मेदारी आपके कंधों पर होगी. सरकार बनने के बाद से ही 2024 से अलग-अलग विभागों में मानव संसाधनों को बढ़ाया गया है. बीते 4 महीने में ही शिक्षा विभाग में 9,000 से अधिक लोगों की नियुक्ति हुई है और विगत 2 सालों के अंदर हम लोगों ने लगभग 16,000 लोगों की नियुक्ति की है और यह अनवरत जारी भी है. अभी आने वाले समय में हजारों नियुक्तियां होगी.
आपकी सफलता कड़ी मेहनत और धैर्य का परिणाम है-राधाकृष्ण किशोर
इस मौके पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने नवनियुक्त सहायक आचार्य एवं महिला पर्यवेक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र मिलते ही आपके राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी आपके सिर पर आने वाली है. आप जो यहां तक पहुंचे हैं यह आपकी सफलता कड़ी मेहनत और धैर्य का परिणाम है. आपके इस धैर्य और सफलता को मैं प्रणाम करता हूं.
उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि आप अपने कार्य संस्कृति और कार्य क्षमता से अपनी क्षमता आप प्रदर्शित कर सकेंगे और आप अपने कार्यों से व्यवस्था में लोहा मनवाने का काम करेंगे कि जो जिम्मेदारी राज्य सरकार के द्वारा हमें मिली है, उसका अक्षुण्ण मैंने निर्वहन किया है. उन्होंने कहा कि एक शानदार शुरुआत आपके जीवन में प्रवेश कर रहा है और आपकी उत्कृष्ट प्रदर्शन का हम सब प्रत्यक्ष रूप से देखना चाहेंगे. इस अवसर पर श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय यादव ने भी संबोधित करते हुए नवनियुक्त सहायक आचार्यों को बधाई दी.

