देवघर: जिला में नावाडीह के पास बड़ा रेल हादसा टल गया है. हावड़ा जसीडीह मेन लाइन से आ रही एक ट्रेन ने रोहिणी स्थित रेलवे फाटक के पास सड़क क्रॉस कर रहे एक ट्रक को अपने चपेट में ले लिया. वहीं ट्रेन और ट्रक के बीच हुई टक्कर से दो बाइक भी दुघर्टनाग्रस्त हो गए हैं. गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.

इस हादसे की जानकारी मिलते ही आसनसोल रेलवे डिवीजन के सभी अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं. उन्होंने वहां के रेल अधिकारियों से घटना की सारी जानकारी ली और रेलवे लाइन को क्लियर करवाने की कोशिश में रेलवे प्रशासन जुट गया है. जिससे इस ट्रैक से अन्य रेलगाड़ियों का परिचालन ठीक से हो सके.
स्थानीय लोगों ने बताया कि एक लोडेड ट्रक रेलवे फाटक क्रॉस कर रहा था उसी दौरान ट्रेन आ गई. जिस वजह से ट्रक के पिछले हिस्से से ट्रेन टकरा गई. ट्रेन की चपेट में जैसे ही ट्रक आया उसके साथ दो मोटरसाइकिल भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई. ट्रेन की स्पीड काफी कम थी इसलिए किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई और किसी भी जानमाल को कोई नुकसान नहीं हुआ.

इस दुर्घटना को लेकर आसनसोल डिवीजन के पीआरओ विप्लव बावरी ने बताया कि घटना की जैसे ही जानकारी मिली पूरी टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन को भी ट्रैक से हटा दिया गया है. वहीं उन्होंने कहा कि घटना को लेकर चार सदस्यीय टीम का गठन कर दिया गया है. टीम जांच करेगी और पूरे घटना में जो भी दोषी होंगे उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version