लोहरदगा: जिले के कुडू थाना क्षेत्र के कुंदो मोड़ स्थित एक फर्नीचर शोरूम में मंगलवार देर रात अचानक आग लग गई. आग की चपेट में आने से शोरूम में रखा सोफा सेट, पलंग, कुर्सी और अन्य फर्नीचर की सामान जलकर राख हो गई. शोरूम मालिक द्वारा घटना में 10 से 15 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया गया है.
आग की लपटें इतनी तेज थी कि देखते ही देखते आग ने पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया. आग की ऊंची लपटों को देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया. घटना की सूचना मिलने पर लोहरदगा अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि लोहरदगा से कुडू पहुंचने में दूरी के कारण अग्निशमान विभाग की टीम देर से पहुंची.
शोरूम मालिक की ओर से कुडू थाना में आवेदन दिया गया है. जिसमें उन्होंने 10-15 लाख के नुकसान की बात कही है. प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की संभावना सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है:- अजित कुमार, कुडू थाना प्रभारी
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
शोरूम संचालक ने शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है. वहीं, सूचना मिलते ही कुडू थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.


