
लोक भवन उद्यान 2 फरवरी से 8 फरवरी तक आम जनता के लिए खुला
रांची: लोक भवन उद्यान के सोमवार को आम लोगों के लिए खुलते ही आकर्षण का केंद्र बन गया. उद्यान के दीदार के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच खुशनुमा पल बिताए. रंग-बिरंगे फूलों, सुसज्जित गार्डन और फव्वारों की खूबसूरती ने हर किसी को मोहित कर दिया. सुबह से ही लोक भवन उद्यान के प्रवेश द्वार पर लोगों की भीड़ देखने को मिली. परिवार के साथ पहुंचे लोग, युवा वर्ग और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उत्साह के साथ उद्यान में घूमते नजर आए. मोबाइल कैमरों और सेल्फी के जरिए लोग यादगार पलों को कैद करते रहे. लोक भवन उद्यान के खुलने से पहले ही प्रकृति प्रेमी इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे थे,
[ लोक भवन उद्यान में इस बार गुलाबों की खास बहार देखने को मिल रही है. उद्यान में 30 हजार से अधिक गुलाब के फूल मौजूद हैं. लाल, पीले और गुलाबी गुलाबों से पूरा परिसर रंगीन नजर आ रहा है. खास आकर्षण उन पौधों का है, जिनमें एक ही पेड़ पर अलग-अलग रंगों के गुलाब खिले हुए हैं. यह दृश्य लोगों को रुकने और तस्वीर लेने के लिए मजबूर कर रहा है.
वहीं गुलाबों के अलावा सीजनल फूलों की भी आकर्षक सजावट की गई है. विभिन्न रंगों के मौसमी फूलों से क्यारियां सजी हुई हैं, जो उद्यान की सुंदरता को और बढ़ा रही हैं. यहां बनाए गए कृत्रिम पहाड़ और झरने लोगों को प्राकृतिक अहसास दे रहे हैं. फव्वारों से गिरता पानी और आसपास की हरियाली वातावरण को और मनमोहक बना रही है. उद्यान में झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को भी दर्शाया गया है. सोहराई पेंटिंग, महापुरुषों और शहीदों की प्रतिमाएं लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं. इसके अलावा पीला बांस, रुद्राक्ष, कल्पतरु, स्ट्रॉबेरी, इलायची और तेजपत्ता जैसे पौधे भी लोगों को खासा प्रभावित कर रहे हैं.
लोक भवन उद्यान 2 फरवरी से 8 फरवरी तक आम जनता के लिए खुला हुआ है. दर्शक सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक उद्यान का भ्रमण कर सकते हैं, हालांकि प्रवेश दोपहर 1 बजे तक ही दिया जा रहा है.
प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं.

