
रांचीः झारखंड में राज्यसभा चुनाव के पहले सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) और कांग्रेस के बीच दरार बढ़ गई है। जेएमएम की ओर से दोनों सीटों पर उम्मीदवार उतारने का ऐलान कर दिया गया है।
जेएमएम प्रमुख और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में शुक्रवार को सीएम आवास में हुई बैठक में पार्टी के सभी विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों की हुई बैठक में ये फैसला लिया गया।
हेमंत सोरेन उम्मीदवारों के नाम पर फैसला लेने के लिए अधिकृत
हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद जेएमएम के वरिष्ठ नेता और मंत्री हफीजुल हसन ने बताया कि पार्टी के सभी नेताओं ने एक स्वर में दोनों सीटों पर चुनाव लड़ने का सुझाव दिया गया। उन्होंने बताया कि पार्टी में ये परंपरा रही है कि जेएमएम अध्यक्ष को ही उम्मीदवार चयन के लिए अधिकृत कर दिया जाता है। ऐसे में हेमंत सोरेन को उम्मीदवारों के नाम पर फैसला लेने के लिए अधिकृत किया गया है।
जेएमएम उम्मीदवारों के नाम का ऐलान जल्द
इंडिया गठबंधन में शामिल कांग्रेस की ओर से राज्यसभा की एक सीट के लिए उम्मीदवार उतारने के फैसले के संबंध में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में हफीजुल हसन ने बताया कि जेएमएम की ओर से जो फैसला लिया गया है, उसके बारे में अभी वो जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि पार्टी की ओर से देर शाम या कल तक उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा।
कांग्रेस ने उम्मीदवार उतारने के पहले जेएमएम को विश्वास में नहीं लिया- बैजनाथ राम
जेएमएम विधायक और पूर्व मंत्री बैजनाथ राम ने बताया कि कांग्रेस की ओर से प्रणव झा को उम्मीदवार घोषित करने के पहले पार्टी को विश्वास में नहीं लिया गया। उन्होंने बताया कि राज्यसभा की दोनों सीटों पर जेएमएम की दावेदारी बनती है, इसलिए बैठक में मौजूद पार्टी के सभी नेताओं ने दोनों सीटों पर उम्मीदवार उतारने की सलाह दी।
कांग्रेस ने प्रणव झा को बनाया है उम्मीदवार
जेएमएम के इस फैसले से कांग्रेस के तगड़ा झटका लगा है। कांग्रेस की ओर से प्रणव झा को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी हेमंत सोरेन से फोन पर बात की थी, लेकिन अब जेएमएम के कड़े तेवर और दबाव की राजनीति के सियासी तापमान बढ़ गया है।

