
रांचीः होली पर्व को देखते हुए विधि-व्यवस्था संधारण के लिए सभी पुलिस अधिकारियों और पुलिस जवानों की छुट्टियां रद्द कर दी गई है. झारखंड पुलिस मुख्यालय के द्वारा इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है.
झारखंड पुलिस मुख्यालय के द्वारा जारी किए गए आदेश में यह बताया गया है कि सभी जोनल आईजी, रेंज डीआईजी, एसएसपी, एसपी आदि को निर्देशित किया जाता है कि होली पर्व को देखते हुए पुलिसकर्मियों की छुट्टियां स्थगित रहेंगी. पुलिस मुख्यालय के द्वारा जारी आदेश में यह बताया गया है कि विशेष परिस्थितियों को छोड़कर तत्काल प्रभाव से होली समाप्ति तक सभी तरह के अवकाश रद्द किए जाते हैं.
विशेष परिस्थितियों में ही मिलेगा अवकाश
एडीजी अभियान के द्वारा जारी किए गए आदेश में यह बताया गया है कि पुलिस अफसरों और कर्मियों को विशेष परिस्थितियों में ही होली के दौरान अवकाश दिया जाएगा. अवकाश के लिए विशेष परिस्थितियों का लेटर में जिक्र करना होगा, तभी छुट्टी स्वीकृत की जाएगी.
होली पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर उठाया गया कदम
होली के दौरान राज्य में सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति को संभालने के लिए पुलिस कर्मियों की छुट्टियां रद्द की गई हैं.होली के अवसर पर कानून व्यवस्था की स्थिति को संभालने के लिए भारी संख्या में जवानों की जरूरत होती है. ऐसे में छुट्टियां रद्द करने का निर्णय लिया गया है.

