रांची जिला प्रशासन द्वारा निजी विद्यालयों के शुल्क निर्धारण हेतु जिला स्तरीय जांच एवं निर्णय समिति के गठन का झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने जोरदार स्वागत किया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने इसे अभिभावकों के लंबे संघर्ष की महत्वपूर्ण जीत बताते हुए कहा कि इससे निजी विद्यालयों की मनमानी फीस वृद्धि पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।
श्री 
उन्होंने कहा कि रांची में जिला स्तरीय समिति का गठन एक सकारात्मक शुरुआत है, लेकिन इसे पूरे राज्य में सख्ती से लागू किया जाना आवश्यक है। यदि इस कानून का सही तरीके से पालन सुनिश्चित किया जाता है, तो न केवल फीस में पारदर्शिता आएगी, बल्कि अभिभावकों को अनावश्यक आर्थिक बोझ से भी राहत मिलेगी।
अजय राय ने राज्य सरकार से मांग की है कि इसी तर्ज पर झारखंड के सभी जिलों में शीघ्रता से जिला स्तरीय समितियों का गठन सुनिश्चित किया जाए तथा इसकी नियमित मॉनिटरिंग हो। उन्होंने कहा कि केवल समिति गठन से काम नहीं चलेगा, बल्कि दोषी विद्यालयों पर सख्त कार्रवाई भी सुनिश्चित करनी होगी।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि कई निजी विद्यालय अब भी किताब, यूनिफॉर्म और अन्य सामग्रियों की खरीद के लिए अभिभावकों को विशेष दुकानों के लिए बाध्य करते हैं, जो पूरी तरह से नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।
झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने राज्य के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी प्रकार की अवैध शुल्क वसूली या दबाव की स्थिति में इसकी शिकायत संबंधित जिला समिति से करें।
यह सिर्फ एक प्रशासनिक फैसला नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और अभिभावकों के सम्मान की दिशा में एक बड़ा कदम है। अब जरूरत है इसके सख्त और प्रभावी क्रियान्वयन की।

