रांची। अब झारखंड पुलिस की शिकायत कोषांग समिति की अध्यक्ष स्वयं डीजीपी तदाशा मिश्रा होंगी। उन्होंने एक महीने पूर्व आठ मई को जारी अपने पुराने आदेश को पलटते हुए नया संशोधित आदेश जारी किया है। इस संशोधित समिति में तीन सदस्य भी होंगे।
इन सदस्यों में एडीजी मुख्यालय मनोज कौशिक, आइजी सीआइडी संगठित अपराध असीम विक्रांत मिंज व आइजी मानवाधिकार पंकज कंबोज शामिल किए गए हैं। डीजीपी तदाशा मिश्रा ने इस संशोधित शिकायत कोषांग समिति के पुनर्गठन संबंधित आदेश को जारी कर दिया है।

यह समिति राज्य में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों के स्थानांतरण संबंधित आवेदनों का निष्पादन करेगी। आठ मई को पुलिस मुख्यालय ने शिकायत कोषांग समिति के पुनर्गठन को लेकर जो आदेश जारी किया था उसमें एडीजी मुख्यालय मनोज कौशिक को समिति का अध्यक्ष बनाया गया था।
उस समिति के सदस्यों में आइजी सीआइडी संगठित अपराध असीम विक्रांत मिंजं, आइजी मानवाधिकार पंकज कंबोज व डीआइजी कार्मिक सुरेंद्र कुमार झा (वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर बीएसएफ में डीआइजी हैं) को शामिल किया गया था। अब नई समिति पुनर्गठित होने के बाद डीजीपी स्वयं वैसी शिकायतों की समीक्षा करेंगी और अपने सदस्यों की मौजूदगी में किसी निर्णय पर पहुंचेंगी।
पुलिस शिकायत कोषांग समिति के सामने पूरे राज्य से बड़ी संख्या में शिकायतें आती हैं। कोई व्यक्तिगत कारणों से अपने गृह जिले में तबादला करवाना चाहता है, तो किसी को अपने किसी स्वजन की बीमारी के चलते तबादले की आवश्यकता महसूस होती है।

डीजीपी का स्पष्ट निर्देश है कि यह समिति उन पुलिसकर्मियों के आवेदन व अनुरोध पर विचार करेगी, जो अपने तबादले को लेकर पुलिस मुख्यालय के सामने अपनी बात रखना चाहते हैं। समिति सभी विवादों व अनुरोधों को बारीकी से देखेगी व उसके गुण-दोष पर विचार कर अपना निर्णय लेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version