बेड़ो: प्रखंड के टेरो गांव में भगवान शिव की असीम आराधना और आस्था का महापर्व, तीन दिवसीय मंडा पूजा पूरे हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो गया। मंगलवार को पूजा के अंतिम दिन झूलन कार्यक्रम के साथ-साथ एक शानदार रंगारंग नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय और आस-पास के गांवों से भारी संख्या में लोग उमड़ पड़े।
इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि भाजपा युवा नेता सन्नी टोप्पो ने शिरकत की। कार्यक्रम स्थल पर उनके पहुंचते ही मंडा पूजा समिति और स्थानीय ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। समिति के सदस्यों ने उन्हें पारंपरिक तरीके से अंगवस्त्र और फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का मुख्य अतिथि सन्नी टोप्पो ने सयुंक्त रूप से उदघाटन किया.
कार्यक्रम में उपस्थित विशाल जनसमूह और शिवभक्तों को संबोधित करते हुए भाजपा युवा नेता सन्नी टोप्पो ने कहा कि मंडा पूजा हमारी प्राचीन संस्कृति और भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था का महान प्रतीक है।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा,भोक्ताओं द्वारा नंगे पांव आग पर चलना और कांटों पर लोटना उनकी कठिन तपस्या और ईश्वर के प्रति सच्चे समर्पण को दर्शाता है। यह हमारी समृद्ध झारखंडी और नागपुरी संस्कृति की असली पहचान है। अपनी कला, संस्कृति और परंपराओं को बचाकर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आज के युवाओं को अपनी आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ अपनी जड़ों से भी मजबूती से जुड़े रहना चाहिए।
साथ ही उन्होंने इस सफल और भव्य आयोजन के लिए पूजा समिति को बधाई देते हुए पूरे बेड़ो क्षेत्र की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना भगवान भोलेनाथ से की।
मंडा पूजा के समापन अवसर पर आयोजित नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने रात भर अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। झूलन देखने और मेले का आनंद लेने के लिए टेरो सहित आस-पास के कई गांवों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
मौके पर बिरसा उरांव, नवल सिंह, रंथा उरांव, बलराम सिंह, नवदीप महतो, मनोज उरांव, मगरा पहान, गोपाल सिंह, अरुण सिंह, सुके उरांव, गोपाल उरांव, सहिन्द्र लकड़ा, मंगा पहान,आदित्य ताम्रकार, ललन लोहरा,खिलेश्वर सिंह, बलेश सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित शामिल हुए।
इस अवसर पर आयोजन समिति के सभी पदाधिकारी, ग्राम वासी बड़ी संख्या में महिला-पुरुष व बच्चे मौजूद थे, जिनके सक्रिय सहयोग से यह तीन दिवसीय अनुष्ठान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version