रामगढ़: जिले के पतरातू थाना क्षेत्र के तालाताड़ पंचायत स्थित भुइयां टोला निवासी और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) के कर्मी कमल किशोर महतो का शव मंगलवार सुबह उनके घर के समीप पहाड़ी पर एक पेड़ से लटका हुआ मिला. जानकारी के अनुसार, मृतक कमल किशोर महतो रक्षा विभाग के प्रतिष्ठित संस्थान डीआरडीओ में कार्यरत थे और वर्तमान में उनकी पोस्टिंग बेंगलुरु में थी. वह बीते 19 अप्रैल को ही अवकाश लेकर अपने पैतृक गांव आए थे.


परिजनों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कमल किशोर गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रहे थे. वह अक्सर परिवार के सदस्यों से नींद न आने की शिकायत किया करते थे. डिप्रेशन के कारण वह काफी परेशान चल रहे थे. ग्रामीणों के मुताबिक, सोमवार की रात करीब 11 बजे उन्हें गांव में अकेले टहलते हुए भी देखा गया था. रात करीब दो बजे जब परिजनों की अचानक नींद खुली, तो कमल किशोर अपने बिस्तर पर मौजूद नहीं थे. अनहोनी की आशंका को देखते हुए परिवार वालों ने रात में ही उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन अंधेरा होने के कारण उनका कुछ पता नहीं चल सका.

सुबह मिला पहाड़ी पर लटकता हुआ शव
मंगलवार की सुबह जब ग्रामीण और परिजन दोबारा ढूंढने निकले, तो घर के पास स्थित पहाड़ी पर एक पेड़ से उनका शव लटका हुआ मिला. यह नजारा देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. कमल किशोर अपने पिता प्रभु महतो के इकलौते पुत्र थे..उनके चले जाने से बूढ़े पिता का सहारा छिन गया है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बेटों (एक की उम्र छह वर्ष और दूसरे की चार वर्ष) को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे भुइयां टोला में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. सूचना मिलते ही पतरातू थाना पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और आगे की जांच में जुट गई है.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version