
रांची।प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे, प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव एवं ओबीसी प्रदेश कांग्रेस के महासचिव संजीत यादव ने आज ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह से मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट रूप से कहा कि मनरेगा बचाओ आंदोलन में मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह के संघर्ष के साथ पूरी कांग्रेस पार्टी मजबूती से खड़ी है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे एवं राहुल गांधी के नेतृत्व में, झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के मार्गदर्शन में पूरे राज्य में मनरेगा बचाओ आंदोलन को व्यापक जनआंदोलन के रूप में गति प्रदान की जाएगी। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर मनरेगा के तहत मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करेंगे।
उन्होंने जानकारी दी कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा मनरेगा बचाओ आंदोलन को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अजय माकन के नेतृत्व में एक विशेष समिति का गठन किया गया है, जिसमें ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह को भी सदस्य बनाया गया है। यह निर्णय इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा जैसे जनकल्याणकारी कानून को कमजोर नहीं होने देगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा गरीबों, मजदूरों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। इसमें किसी भी तरह की कटौती या बाधा को कांग्रेस पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी और जरूरत पड़ी तो सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन किया जाएगा।
मनरेगा बचाने के लिए कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी

