रांची: पूरा प्रदेश हाड़ कंपाने वाली ठंड की चपेट में है। बर्फीली हवाओं और उत्तर-पश्चिमी मौसम प्रणाली के प्रभाव से राज्य के कई जिलों में कनकनी बढ़ गई है। सुबह के समय कई जिलों में घनघोर कुहासा देखने को मिल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने झारखंड के 12 जिलों के लिए शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

शनिवार की सुबह जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी।राज्य में ठंड का प्रकोप खासतौर पर ग्रामीण और पठारी इलाकों में अधिक देखने को मिल रहा है। सुबह और रात के समय सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन का आलम है।मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में इस समय सबसे कम तापमान गुमला में दर्ज किया गया है। यहां न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे निचला स्तर माना जा रहा है।

मौसम विभाग रांची के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर उत्तर-पश्चिमी से पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने के कारण ठंड में तेजी आई है। मौसम विज्ञान विभाग ने रांची, जमशेदपुर, खूंटी, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, कोडरमा, गुमला, लोहरदगा, चतरा, लातेहार, पलामू और गढ़वा जिलों के लिए शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

शनिवार सुबह छह बजे जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार, खूंटी और लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 5।2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हजारीबाग में 5.3 डिग्री और डाल्टनगंज में 5.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। वहीं, बोकारो का न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री, राजधानी रांची का 7.0 डिग्री और सिमडेगा का 7.3 डिग्री सेल्सियस रहा।अगले 48 घंटों के दौरान झारखंड में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट संभव है। इसके बाद अगले दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि शुष्क मौसम और तेज ठंडी हवाओं के कारण शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है।राज्य प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे ठंड से बचाव के उपाय अपनाएं, गर्म कपड़ों का उपयोग करें और अत्यधिक ठंड में अनावश्यक बाहर निकलने से बचें।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version