रांची। झारखंड में मौसम अचानक ठंडा हो गया है। राज्य के कई जिलों में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा देखने को मिल रहा है। राजधानी रांची सहित आधे से ज्यादा जिलों में सुबह से ही कोहरे की परत छाई रहती है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही ठंडी हवाओं के कारण ठंड और बढ़ गई है। बीते 24 घंटे में रांची के पास स्थित कांके सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवाओं की वजह से राहत नहीं मिल पा रही है।

  • 13 जिलों में येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने रांची, रामगढ़, हजारीबाग, धनबाद, पलामू, गढ़वा, चतरा, लोहरदगा समेत 13 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। कोहरे के कारण दृश्यता कम रह सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है।

  • 23 दिसंबर तक ठंड का असर

मौसम विभाग के अनुसार 23 दिसंबर तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। सुबह के समय कोहरा रहेगा और दिन में आसमान साफ रहने के बावजूद ठंडी हवाएं चलती रहेंगी। लातेहार और कोडरमा जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जाएगा। ठंड और कोहरे का सबसे ज्यादा असर सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों और खुले में काम करने वाले लोगों पर पड़ रहा है। ऐसे में प्रशासन से अलाव और अन्य राहत व्यवस्था बढ़ाने की जरूरत महसूस की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version