राँची : राजधानी रांची में बीती शाम उस वक्त प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई, जब CM हेमंत सोरेन बिना VVIP काफिले और बिना किसी पूर्व सूचना के आम नागरिक की तरह शहर की सड़कों पर निकल पड़े। उनका मकसद था राजधानी की यातायात व्यवस्था की जमीनी हकीकत को अपनी आंखों से देखना। CM अपने कांके रोड स्थित आवास से निकले और शहर के कई इलाकों का निरीक्षण करते हुये कांटाटोली चौक पहुंचे। यहां का नजारा देखकर वे संतुष्ट नहीं दिखे। लंबे जाम, अव्यवस्थित ट्रैफिक और सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों ने उनकी नाराजगी बढ़ा दी।

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने वाहन से उतरकर खुद हालात का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और ट्रैफिक कर्मियों से व्यवस्था को लेकर सवाल किए और साफ शब्दों में कहा कि राजधानी की सड़कों पर आम लोगों को रोजाना होने वाली परेशानी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती। मुख्यमंत्री ने अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई, जाम की समस्या को कम करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तत्काल प्रभाव से कदम उठाने के निर्देश दिये। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क पर व्यवस्था ऐसी होनी चाहिये जिससे आम लोगों का समय और ऊर्जा दोनों बचें। CM के अचानक सड़क पर उतरने की खबर मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और व्यवस्था सुधारने की कवायद शुरू कर दी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version