
रसनाथ में होगी मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस का ठहराव,गिरिडीह सांसद ने परियोजनाओं को लेकर झारखंड सरकार की उदासीनता से कराया अवगत
गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से मिलकर अपने संसदीय क्षेत्र व झारखंड राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं व जनहित के मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान सांसद ने विशेष रूप से पारसनाथ–मधुबन–गिरिडीह नई रेल लाइन परियोजना को शीघ्र प्रारंभ करने की मांग की। उन्होंने रेल मंत्री को इस बात से अवगत कराया कि यह परियोजना वर्ष 2018-19 में स्वीकृत होने के बावजूद झारखंड सरकार की उदासीनता व भूमि हस्तांतरण में देरी के कारण अब तक लंबित है। इस पर रेल मंत्री ने पूरी परियोजना के महत्व को स्वीकार करते हूए इसको केंद्र सरकार द्वारा स्वयं पूरा करने व इसे प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। साथ ही पारसनाथ स्टेशन पर शीघ्र 18609 – 18609 – मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस का ठहराव को लेकर भी आश्वस्त किया। उन्होंने रेल मंत्री से चर्चा करते हुए कहा कि झारखंड सरकार विकास के मुद्दों पर गंभीर नहीं है। सरकार न तो रेल परियोजनाओं के लिए आवश्यक सहयोग एवं वित्तीय हिस्सेदारी सुनिश्चित कर रही है और न ही महत्वपूर्ण संस्थानों के लिए भूमि उपलब्ध करा रही है। उन्होंने रेल मंत्री से
गिरिडीह -पारसनाथ -गोमो से मुंबई के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने, इस रेल मार्ग पर चलने वाली
प्रमुख ट्रेनों का पारसनाथ, गोमोह व आसपास के स्टेशनों( गोमिया , महुदा व खानुडीह) पर ठहराव करने,धनबाद–भोपाल एक्सप्रेस को इंदौर तक विस्तारित करने,
महुदा क्षेत्र में आर ओबी निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की। रेल मंत्री ने मिलने आए सांसद की बातों को ध्यान पूर्वक सुनने व सभी मांगों को देखने व समझने के बाद सकारात्मक रुख दिखाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

