रांची: झारखंड की राजधानी रांची निवासी और मर्चेंट नेवी के अनुभवी 47 वर्षीय शिप कैप्टन राकेश रंजन सिंह का निधन हो गया. उनकी मौत हार्ट अटैक से होने की बात कही जा रही है. वह पश्चिम एशिया में ईरान-इजराइल तनाव के कारण होर्मुज स्ट्रेट की खाड़ी में फंसे जहाज ‘अवाना’ पर तैनात थे. इस दुखद घटना के बाद रांची स्थित उनके परिवार में मातम पसरा हुआ है.

2 फरवरी को रांची से दुबई पहुंचा था कैप्टन राकेश

जानकारी के अनुसार, कैप्टन राकेश रंजन सिंह 2 फरवरी को रांची से दुबई के लिए रवाना हुए थे और छुट्टी के बाद उन्होंने शिप ‘अवाना’ को ज्वाइन किया था. जहाज तेल लेने के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य गया था. तेल लोड करने के बाद 1 मार्च को जहाज भारत के लिए रवाना हुआ. लेकिन क्षेत्र में बढ़े तनाव और युद्ध जैसे हालात के कारण जहाज को समुद्र में ही रोक दिया गया. दुबई से लगभग 60 किलोमीटर दूर समुद्र में जहाज करीब 18 से 20 दिनों तक लंगर डालकर खड़ा रहा.
राकेश रंजन के अलावा शिप में 35 लोग हैं सवार

बताया जा रहा है कि जहाज पर कैप्टन राकेश रंजन सिंह के अलावा लगभग 35 अन्य स्टाफ सदस्य भी मौजूद हैं. लंबे समय तक समुद्र में फंसे रहने और तनावपूर्ण परिस्थितियों के बीच 18 मार्च को अचानक कैप्टन राकेश सिंह की तबीयत बिगड़ गई. स्थिति गंभीर होते देख जहाज के कनीय अधिकारियों ने दुबई एटीसी से संपर्क कर एयर एंबुलेंस की मांग की. लेकिन क्षेत्र में जारी संघर्ष के कारण एयर एंबुलेंस की अनुमति नहीं मिल सकी.

अस्पताल पहुंचने में हुई देरी

इसके बाद उन्हें बोट के माध्यम से शिप से दुबई के तट तक लाया गया. लेकिन इलाज मिलने में हुई देरी भारी पड़ गई. अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्हें हार्ट अटैक आया और उनकी मृत्यु हो गई. फिलहाल उनका शव दुबई के शेख राशिद अस्पताल के मॉर्चरी में रखा गया है. पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया जारी है. कैप्टन राकेश रंजन सिंह का परिवार रांची के अरगोड़ा स्थित वसुंधरा अपार्टमेंट में रहता है. वह मूल रूप से बिहार के नालंदा जिला अंतर्गत बिहारशरीफ के निवासी थे.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version