
रांची: रांची नगर निगम चुनाव में महापौर और पार्षदों के निर्वाचन के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नजर अब उप महापौर और उपाध्यक्ष के चुनाव पर है. पार्टी के अंदर इसको लेकर मंथन शुरू हो गया है.
इसी बीच, रांची महानगर भाजपा ने नगर निगम क्षेत्र में चुनाव जीतने वाले पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को सम्मानित किया. कार्यक्रम में नवनिर्वाचित महापौर रोशनी खलखो का जोरदार स्वागत किया गया. उनके सम्मान में जमकर आतिशबाजी की गई और अभिनंदन किया गया. इस अवसर पर रांची विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जायसवाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
रांची महानगर भाजपा कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में नवनिर्वाचित महापौर और पार्षदों ने रांची के समग्र विकास का संकल्प दोहराया. उन्होंने चुनाव में मिले सहयोग के लिए कार्यकर्ताओं और जनता का आभार जताया. रांची विधायक सीपी सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि आपका व्यवहार जनता के बीच सबसे पहले छवि बनाता है. साथ ही आपके द्वारा किए गए कार्य आपको पहचान दिलाते हैं. इसी वजह से कोई भी व्यक्ति बार-बार चुनाव जीतने में सफल होता है.
हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि इस चुनाव ने साबित कर दिया है कि पार्टी सर्वोपरि है. लोग नाराज होने के बावजूद अंत में हमें वोट देकर जिताते हैं. इसके पीछे सबसे बड़ा कारण हमारा व्यवहार है.
वहीं, नवनिर्वाचित महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि आज का कार्यक्रम शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि पार्षदों और महापौर के चुनाव जीतने की खुशी में कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित सम्मान समारोह है. हम सभी मिलकर रांची को विकसित करेंगे. आम लोगों की जो भी परेशानियां हैं, उन्हें दूर करने का काम किया जाएगा.
इस कार्यक्रम में नगर निकाय चुनाव में जीतकर आए करीब 14 पार्षद उपस्थित हुए, जबकि 4 नवनिर्वाचित पार्षद किसी कारणवश शामिल नहीं हो सके. इस प्रकार रांची नगर निगम क्षेत्र में भाजपा समर्थित कुल 18 पार्षद चुनाव जीतकर आए हैं. उप महापौर (डिप्टी मेयर) के चुनाव के लिए बहुमत हासिल करने में भाजपा को अभी नौ पार्षदों के समर्थन की कमी है. ऐसे में इस पद को लेकर पार्टी की कवायद तेज हो गई है.

