रांची – राज्य सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए राज्य के सभी अंचल कार्यालयों में होमगार्ड जवानों की तैनाती का फैसला लिया है. अंचल कार्यालयों में होमगार्ड के जवान तीन पालियों में दो की संख्या में रहेंगे. मतलब, एक अंचल कार्यालय में कम से छह जवानों की तैनाती होगी. इस संबंध का पत्र राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से जारी किया गया है. पत्र में कहा गया है कि आउटसोर्स के तहत प्रत्येक अंचल कार्यालय में दो – दो होमगार्ड या फिर सैनिक कल्याण निदेशालय के रिटायर कर्मी को तीन पालियों में रखा जायेगा.
इससे पहले भी कुछ जिलों के अंचल कार्यालयों में होमगार्ड जवानों की तैनाती होती थी लेकिन वह तैनाती संबंधित जिले के डीसी के विवेक के उपर निर्भर करता था. राज्य मुख्यालय के स्तर पर ऐसा आदेश पहली बार निकला है. लिहाजा, यह मानकर चलिए कि बड़ी संख्या में होमगार्ड के जवानों की अब तैनाती हो सकेगी. झारखंड में कुल 268 अंचल कार्यालय है. ये अंचल कार्यालय राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के तहत आते हैं. इस हिसाब से करीब 1600 जवानों को ड्यूटी मिल सकेगी.
झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसियेशन के प्रदेश महासचिव राजीव कुमार तिवारी ने सरकार के इस निर्णय की तारीफ की है. राजीव कुमार तिवारी ने कहा कि सरकार के इस फैसले से उन जवानों को राहत मिलेगी जिन्हें ड्यूटी नहीं दी जाती थी या फिर ड्यूटी के लिए इंतजार करना होता था. राजीव कुमार तिवारी ने कहा कि इसके लिए उनका एसोसियेशन राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विभागीय सचिव चंद्रशेखर को बधाई देता है.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version