
रांची: झारखंड विधानसभा के 2026-27 के लिए विभिन्न समितियों का गठन हो गया है. विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कुल 25 समितियों का गठन किया है. झारखंड विधानसभा सचिवालय के जनसंपर्क अधिकारी गुलाम मोहम्मद सरफराज ने विभिन्न समितियों के सभापति और सदस्यों की सूची जारी की है.
विशेषाधिकार समिति के अध्यक्ष खुद स्पीकर होंगे
इसके तहत नियम समिति के सभापति झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष होंगे और इस समिति में सदस्य के रूप में सभापति लोक लेखा समिति, सभापति प्राक्कलन समिति, सभापति सामान्य प्रयोजन समिति और सभापति सदाचार समिति होंगे. विशेषाधिकार समिति के अध्यक्ष खुद स्पीकर होंगे और इस कमेटी में सदस्य के रूप में संसदीय कार्य मंत्री के अलावा सभापति जिला परिषद एवं पंचायती राज समिति, सभापति सरकारी आश्वासन समिति, सभापति गैर सरकारी संकल्प समिति और विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में सभापति प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण समिति, सभापति सदाचार समिति होंगे.
याचिका समिति के सदस्यों के नाम
याचिका समिति में अध्यक्ष के तौर पर खुद स्पीकर होंगे और सदस्य में उदय शंकर सिंह, नागेंद्र महतो, ममता देवी और निर्मल महतो को नामित किया गया है. लोक लेखा समिति के सभापति मनोज कुमार यादव होंगे और सदस्य के रूप में इस समिति में विधायक सुखराम उरांव, नवीन जायसवाल, अमित कुमार यादव, नमन विक्सल कोनगाड़ी, समीर कुमार मोहंती और जगत मांझी होंगे.
प्राक्कलन समिति की सभापति होंगे हेमलाल मुर्मू
वहीं प्राक्कलन समिति की सभापति हेमलाल मुर्मू होंगे और सदस्य के रूप में इस समिति में मथुरा प्रसाद महतो, कुशवाहा शशि भूषण मेहता, नागेंद्र महतो और अमित कुमार होंगे. सरकारी उपक्रमों संबंधी समिति के सभापति निरल पूर्ति होंगे. वहीं सदस्य में सोमेश चंद्र सोरेन, भूषण तिर्की, अमित कुमार यादव, राजेश कच्छप और विधायक राज सिन्हा होंगे.
सरयू राय को भी मिली जिम्मेदारी
जबकि सरयू राय को प्रत्यायुक्त विधान समिति का सभापति नियुक्त किया गया है और इस समिति के सदस्य के रूप में विधायक देवेंद्र कुंवर, राजेश कच्छप, धनंजय सोरेन और रागिनी सिंह होंगी. अनुसूचित जाति जनजाति अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति के सभापति स्टीफन मरांडी होंगे और सदस्य के रूप में इस समिति में श्रीमती लुईस मरांडी, सुरेश कुमार बैठा और सोमेश चंद्र सोरेन होंगे.
कल्पना सोरेन बनीं महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति
विधानसभा में विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन को महिला एवं बाल विकास समिति का सभापति मनोनीत किया गया है और इस समिति में कुशवाहा शशि भूषण मेहता, ममता देवी, पूर्णिमा साहू, निशत आलम को रखा गया है. इसी तरह आवास समिति का सभापति दशरथ गगराई को बनाया गया है जबकि विधानसभा के प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण समिति के सभापति बसंत सोरेन होंगे.
अरूप चटर्जी को सरकारी आश्वासन समिति का सभापति, भूषण तिर्की को शुन्य काल समिति का सभापति, चंदेश्वर प्रसाद सिंह को विधायक निधि अनुसरण समिति का सभापति, उदय शंकर सिंह को पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति का सभापति, प्रदीप यादव को जिला परिषद एवं पंचायती राज समिति का सभापति, प्रकाश राम को गैर सरकारी संकल्प समिति का सभापति, सत्येंद्र नाथ तिवारी को पुस्तकालय विकास समिति का सभापति, सुरेश पासवान को अंगत प्रश्न क्रियान्वयन समिति का सभापति, उमाकांत रजक को निवेदन समिति का सभापति, रामचंद्र सिंह को सदाचार समिति का सभापति, सविता महतो को युवा कल्याण संस्कृति एवं पर्यटन विकास समिति का सभापति, डॉ. नीरा यादव को सामान्य प्रयोजन समिति का सभापति, रामेश्वर उरांव को आंतरिक संसाधन एवं केंद्रीय सहायता समिति का सभापति और विकास कुमार मुंडा को खाद्य सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले के समिति का सभापति नियुक्त किया गया है.

