रांची। रांची के कोकर इलाके से लापता बच्ची अदिति का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। नौ मई से गायब अदिति की तलाश में पुलिस लगातार छानबीन कर रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी है।
मामले में 50 हजार रुपये इनाम की घोषणा भी की गई है, बावजूद इसके बच्ची के बारे में कोई सूचना नहीं मिल सकी है। दूसरी ओर कई दिनों तक चले सर्च अभियान के बाद एनडीआरएफ की टीम ने भी फिलहाल हाथ खड़े कर दिए हैं।
पुलिस लगातार इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अदिति के परिजन भी थाना पहुंचकर पुलिस के साथ फुटेज देख रहे हैं। हालांकि अब तक किसी भी कैमरे में ऐसा कोई सुराग नहीं मिला है जिससे बच्ची तक पहुंचा जा सके। पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।
एनडीआरएफ की टीम ने अदिति की तलाश में नाले और आसपास के क्षेत्रों में कई दिनों तक अभियान चलाया। नाले में लगातार खोजबीन की गई, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चल पाया। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम ने अपना अभियान रोक दिया है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि खोज अभियान अभी समाप्त नहीं हुआ है और आगे भी प्रयास जारी रहेंगे।
अदिति के घरवालों का कहना है कि बच्ची कभी भी नाले की तरफ नहीं जाती थी। परिवार को आशंका है कि अदिति का अपहरण किया गया है। परिजन लगातार पुलिस से मामले की गहराई से जांच करने की मांग कर रहे हैं।
बच्ची की मां उसकी सकुशल वापसी के लिए लगातार पूजा-पाठ कर रही हैं। परिवार के अन्य सदस्य और स्थानीय लोग भी अपने स्तर से बच्ची की तलाश में लगे हुए हैं, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिल पाई है।
पुलिस का कहना है कि जिस दिन अदिति लापता हुई, उसके बाद लगातार कई दिनों तक बारिश होती रही। भारी बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव काफी तेज हो गया था। पुलिस इसी संभावना को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों के अनुसार नाले का पानी स्वर्णरेखा नदी में जाकर मिलता है और स्वर्णरेखा नदी का पानी आगे गेतलसुद डैम तक पहुंचता है।
अब पुलिस गेतलसुद डैम क्षेत्र में भी सर्च अभियान चलाने की तैयारी कर रही है। पुलिस की योजना है कि डैम से लेकर नाले तक पूरे रास्ते में तलाशी अभियान चलाया जाए ताकि किसी भी संभावना को नजरअंदाज न किया जा सके।
मामले को लेकर इलाके के लोगों में भी चिंता बनी हुई है। स्थानीय लोग लगातार बच्ची की जल्द बरामदगी की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है और जल्द ही मामले में कोई अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।

