
बोकारो: जिला स्थित पेटरवार थाना क्षेत्र में एक 12 वर्षीय आदिवासी बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है. मामले में पेटरवार थाना पुलिस ने पोक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी बिहार के रोहतास जिले के तिलौथू थाना क्षेत्र का रहने वाला है.
अकेलेपन का फायदा उठाकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म
जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक कोलकाता-वाराणसी सिक्स लेन एक्सप्रेस-वे निर्माण कार्य कर रही एक कंपनी में पत्थर खनन करने वाली मशीन में ऑपरेटर के रूप में कार्य करता था. वह पीड़िता के घर के पास किराए के मकान में रह रहा था. बताया जाता है कि नाबालिग बच्ची के माता-पिता मजदूरी करते हैं, जो घटना के दिन मजदूरी करने के लिए बाहर गए हुए थे. तभी आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर घटना को अंजाम दिया
इस संबंध में जरीडीह सर्किल इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना हुई. जहां बच्ची का घर है, वहीं एक कंपनी में काम करने वाले बिहार के रोहतास निवासी सत्येंद्र यादव ने बच्ची के घर में उसके साथ दुष्कर्म किया. उस दौरान बच्ची के माता-पिता मजदूरी करने बाहर गए हुए थे. बच्ची के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण एकत्रित हुए और उस शख्स को पकड़कर पुलिस को मामले की जानकारी दी. जिसके बाद पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा द्वारा कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं, पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.

