रांची: जिले के लालपुर थाना क्षेत्र के करमटोली चौक स्थित लीवी बार एंड रेस्टोरेंट में मंगलवार के अहले सुबह भीषण आग लग गई. आग इतनी भयावाह थी कि जब तक कोई कुछ समझ पाता, पूरा रेस्टोरेंट जलकर खाक हो गया. यह घटना सुबह के करीब चार बजे की है.



रेस्टोरेंट के मालिक ने बताया कि सुबह करीब चार बजे सूचना मिली कि रेस्टोरेंट में आग लग गई है. सूचना मिलने के बाद लालपुर पुलिस और दमकल वाहन मौके पर पहुंचे. हालांकि तब तक आग भीषण रूप ले चुकी थी. अंदर हालात बहुत खराब हो गए थे.
जिसके चलते फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने मेन गेट तोड़कर आग बुझाना शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर आंशिक रूप से काबू पाया. बाहर भी स्थिति खराब थी. आग की लपटें ट्रांसफार्मर तक पहुंच रही थीं, जिसके बाद पुलिस के सहयोग से बाहर की आग पर भी काबू पा लिया गया.
लीवी बार एंड रेस्टोरेंट में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की बात आ रही है. बार मालिक ने फिलहाल किसी भी तरह के साजिश से इनकार किया है. इस आगलगी में भारी नुकसान हुआ है. रेस्टोरेंट का किचन, डांस फ्लोर और सारा फर्नीचर जलकर राख हो गया. कुछ कर्मचारी अंदर सोए हुए थे, जिन्होंने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. रांची के लालपुर थाना प्रभारी रूपेश सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दमकल वाहनों के साथ आग पर काबू पाया गया.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version