
पलामू: जिले के पांकी थाना क्षेत्र के कुसड़ी में अंधविश्वास में हुए तिहरे हत्याकांड के पीड़ित परिवार को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर एक लाख रुपए देंगे. वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर सोमवार को कुसड़ी गांव पहुंचे थे, जहां उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की. इस दौरान मंत्री मृतकों के अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए.
अंतिम संस्कार के दौरान वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि वे विवेकाधीन एक लाख रुपए की राशि देंगे. वित्त मंत्री ने कहा कि कुसड़ी के बथानी टोला की घटना के बाद सिर्फ पुलिस ही मौके पर गई. पांकी प्रखंड का कोई भी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं गया. इस तरह की घटनाएं बता रही हैं कि शैक्षणिक रूप से कितने पीछे हैं. इस तरह के इलाके में अभियान चला कर लोगों को जागरूक करने की जरूरत है.
दरअसल, सोमवार को पांकी थाना क्षेत्र के कुसड़ी के बथानी टोला में महेशी भुईयां नामक व्यक्ति की मौत हो गई थी. महेशी की मौत के बाद उनके बेटों ने अंधविश्वास में आकर गांव के ही विजय भुईयां के घर पर हमला कर दिया. इस हमले में विजय भुईयां, विजय भुईयां की पत्नी हेमंती देवी और बेटे छोटू कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी. जबकि बहू और पोती गंभीर रूप से जख्मी हैं.
इधर, घटना के बाद आरोपी परिवार फरार है. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए कई इलाकों में छापेमारी कर रही है. इस मामले में महेशी भुईयां के दोनों बेटों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है. लेस्लीगंज एसडीपीओ मनोज कुमार झा ने बताया कि पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

