
रांचीः राज्य की राजधानी रांची में रविवार की सुबह एसएससी जीडी (स्टाफ सिलेक्शन कमीशन- जनरल ड्यूटी) एग्जाम में चीटिंग करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. एसएससी की तरफ से दी गई सूचना के आधार पर रांची पुलिस के द्वारा कार्रवाई की गई है.
पंडरा स्थित एग्जाम सेंटर में हो रही थी चीटिंग
रांची के पंडरा स्थित ऑनलाइन एक्जाम सेंटर पर छह लोगों को रांची पुलिस के द्वारा गिरफ्तार किया गया है. रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ लोग पंडरा स्थित एग्जाम सेंटर में एसएससी जीडी एग्जाम में चीटिंग कर रहे हैं, सूचना पर कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. सभी से पूछताछ की जा रही है.
एसएससी के द्वारा दी गई थी सूचना
अब तक मिली जानकारी के अनुसार रांची पुलिस को परीक्षा में चल रहे कदाचार की सूचना एसएससी के द्वारा ही दी गई थी. एसएससी को भी एग्जाम सेंटर से ही सूचना प्राप्त हुई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने कारवाई की है. हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि एग्जाम में चीटिंग का तरीका क्या था. पूरे मामले में जांच के बाद रांची पुलिस के द्वारा पूरी जानकारी सामने लाई जाएगी.

