रक्तदाताओं को हेलमेट देकर किया जाएगा सम्मान –

“रक्तदान के साथ अपनी सुरक्षा भी जरूरी”

राँची सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अग्रणी संस्था श्री श्याम संघ, राँची द्वारा आगामी 22 मार्च 2026 रविवार को अपर बाजार स्थित माहेश्वरी भवन में प्रातः 10 बजे से एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराना एवं समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना है।
संस्था के अध्यक्ष कमलेश संचेती जी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार शिविर को विशेष रूप से सड़क सुरक्षा जागरूकता से भी जोड़ा गया है। शिविर में रक्तदान करने वाले प्रत्येक दाता को हेलमेट देकर सम्मानित किया जाएगा, ताकि लोगों में यह संदेश दिया जा सके कि “रक्तदान के साथ-साथ अपनी सुरक्षा भी अत्यंत आवश्यक है।”
इस पुनीत कार्य को सफल बनाने हेतु श्री श्याम संघ के सदस्यों ने राँची के यातायात पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है।
शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं को भी प्राथमिकता दी गई है। समफोर्ड हॉस्पिटल, कोकर के सहयोग से एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा, जिसमें ब्लड प्रेशर, डायबिटीज सहित अन्य सामान्य जांचें की जाएंगी। साथ ही प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ. वेदांत पोद्दार द्वारा निःशुल्क डेंटल कैंप का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें दांतों की जांच एवं परामर्श दिया जाएगा। रक्तदान शिविर के संयोजक रूपेश लोहिया एवं अभिषेक चौधरी ने बताया कि रक्तदान शिविर को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, जिसमें अनुभवी चिकित्सकों की टीम, स्वच्छता, आरामदायक व्यवस्था एवं दाताओं के लिए पौष्टिक अल्पाहार की भी व्यवस्था शामिल है।
श्री श्याम संघ ने शहरवासियों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर रक्तदान करें और इस जनसेवा के कार्य में अपनी सहभागिता निभाएं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version