
जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी को लेकर पार्टी के भीतर हलचल तेज हो गई है. सूत्रों के अनुसार, केसी त्यागी को पार्टी से छुट्टी हो गई है. इसका कारण नीतीश कुमार को भारतरत्न देने की मांग और उनके कई हालिया बयान और गतिविधियां बताये जा रहे हैं.
इस संबंध में पार्टी या केसी त्यागी की ओर से अब तक कोई औपचारिक या लिखित बयान जारी नहीं किया गया है. लेकिन पार्टी सूत्रों का कहना है कि केसी त्यागी अब जेडीयू की सक्रिय भूमिका में नहीं हैं और पार्टी से उनका सम्मानजनक अलगाव हो चुका है.जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने केसी त्यागी के हालिया बयानों से किनारा कर लिया है. कहा है कि उनके बयान पूरी तरह व्यक्तिगत हैं और पार्टी की नीतियों या आधिकारिक रुख का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केसी त्यागी का फिलहाल पार्टी की गतिविधियों से कोई संबंध नहीं है. राजीव रंजन प्रसाद के बयान भी इस ओर इशारा कर रहे हैं कि केसी त्यागी पार्टी से निकाले जा चुके हैं.पार्टी सूत्रों के मुताबिक, जेडीयू ने केसी त्यागी के खिलाफ कोई औपचारिक अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की है. इसकी वजह पार्टी के साथ उनका लंबा और महत्वपूर्ण राजनीतिक जुड़ाव बताया जा रहा है. जेडीयू नेतृत्व किसी भी तरह के सार्वजनिक टकराव से बचते हुए इस मामले को शांतिपूर्ण ढंग से संभालना चाहता है.

