
झारखंड के विकास को गति दे रही 45 हजार करोड़ की परियोजनाएं : रक्षा राज्य मंत्री
राजमार्गों के निर्माण के लिए शीघ्र मिलेगी 17 हजार करोड़ की परियोजनाएं।
परियोजनाओं के लिए पीएम मोदी और नितिन गडकरी के प्रति संजय सेठ ने जताया आभार।
रांची। आज रांची की विकास यात्रा में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ा है। रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में आज रांची में दो महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मेरे प्रयासों से स्वीकृत लगभग ₹303 करोड़ की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर रामपुर चौक (रांची–जमशेदपुर रोड जंक्शन) के समीप ओवरब्रिज और विकास चौक, इरबा (रांची–हजारीबाग जंक्शन) के पास आधुनिक भूमिगत टनल का निर्माण होना है। इन परियोजनाओं का भूमिपूजन कर शुभारंभ करना, मेरा परम् सौभाग्य रहा। दोनों परियोजनाएँ रांची शहर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात को सुगम बनाने, जाम की समस्या कम करने और तेज़ एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी। श्री सेठ ने कहा कि इसके साथ ही रांची सहित राज्य के कई शहरों की आवाजाही को भी सुगम बनाएगी। रांची की जनता के स्नेह और आशीर्वाद से विकास की यात्रा बेहतर सड़क निर्माण, सुगम यातायात और समृद्ध झारखंड के लक्ष्य के साथ निरंतर जारी है। रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में झारखंड में लगभग ₹17,000 करोड़ की लागत से 450 किमी नई सड़क परियोजनाएँ शुरू होंगी।
इनमें वाराणसी कोलकाता एक्सप्रेसवे का महत्वपूर्ण हिस्सा भी शामिल है, जो क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और व्यापार को नई दिशा देगा। रांची में 6000 करोड़ रुपये की लागत से आउटर रिंग रोड के निर्माण की घोषणा भी राजधानी के विकास को और विस्तार देने वाला होगा। यह रांची शहर के लिए भी महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में भारत का इंफ्रास्ट्रक्चर जिस गति से आगे बढ़ रहा है, वह देश को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की मजबूत नींव तैयार कर रहा है। आज के इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रीमती महुआ माजी, विधायक श्री राजेश कच्छप, मेयर श्रीमती रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर श्री नीरज कुमार, रांची महानगर भाजपाध्यक्ष श्री वरुण साहू, रांची ग्रामीण पूर्वी भाजपा जिलाध्यक्ष श्री धीरज महतो, रांची ग्रामीण भाजपा पश्चिमी जिलाध्यक्ष श्री नरेंद्र कुमार, पूर्व विधायक श्री समरी लाल मौजूद रहे।
झारखंड के विकास को मिल रही नई गति।
श्री सेठ ने कहा कि पीएम श्री मोदी के नेतृत्व में झारखंड के विकास को नई गति मिल रही है। आज यहां 45 हजार करोड़ की लागत से 1500 किमी से अधिक सड़कों व योजनाओं का निर्माण और विकास कार्य प्रगति पर है।
इसमें परियोजनाएँ ▪️ गोला–ओरमांझी सड़क परियोजना लगभग 90% पूर्ण▪️ ओरमांझी फ्लाईओवर को स्वीकृति ▪️घोरालिंग, फुलदुंगरी और बहरागोड़ा में तीन अंडरपास▪️ चिल्गु नदी पर पुल का निर्माण जारी (2027 तक पूर्ण)▪️ इटकी और चांडिल में रेल ओवरब्रिज निर्माण प्रगति पर▪️ चरही और चुटुपालू घाटी में सड़क चौड़ीकरण जल्द शुरू▪️ रांची–महुलिया सड़क का सुदृढ़ीकरण▪️ कोडरमा–मेघातरी सड़क परियोजना शामिल हैं।
इन परियोजनाओं से झारखंड में बेहतर कनेक्टिविटी, तेज़ परिवहन और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

