पश्चिम बंगाल के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आंतरिक लोकतंत्र की जमकर तारीफ की. शुक्रवार को विश्व बांग्ला कन्वेंसन सेंटर में सर्वसम्मति से नेता चुने जाने के बाद शुभेंदु ने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जहां एक साधारण कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत के दम पर सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है. उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा हमला बोलते हुए चुनाव परिणाम को ‘लोकतंत्र की जीत’ और ‘परिवारवाद की हार’ करार दिया.
शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी आलाकमान का आभार व्यक्त किया. शुभेंदु ने कहा- भाजपा में लोकतंत्र जीवित है. यहां कोई भी फैसला बंद कमरों में ‘मालिक’ के द्वारा नहीं लिया जाता. लोकतांत्रिक तरीके से विधायकों की राय से तय होता है. मुझ जैसे जमीन से जुड़े कार्यकर्ता को यह जिम्मेदारी देना भाजपा में ही संभव है. उन्होंने दोहराया कि उनकी सरकार का एकमात्र लक्ष्य बंगाल को भ्रष्टाचार मुक्त बनाना और ‘सोनार बांग्ला’ के सपने को हकीकत में बदलना है.

ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी का नाम लिये बगैर उन पर शुभेंदु ने जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने उस राजनीति को नकार दिया है, जहां सत्ता एक ही परिवार के इर्द-गिर्द घूमती थी. भाजपा कोई ‘प्राइवेट लिमिटेड कंपनी’ नहीं है, बल्कि करोड़ों कार्यकर्ताओं का परिवार है. उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी सरकार किसी के साथ भेदभाव नहीं करेगी और विकास का लाभ राज्य के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा. विधायक दल की बैठक के बाद शुभेंदु अधिकारी का स्वागत जिस तरह ‘मोदी-मोदी’ के नारों से हुआ, उससे साफ है कि पूरी पार्टी उनके नेतृत्व में एकजुट है. शनिवार को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के बारे में उन्होंने कहा कि यह बंगाल के लिए एक नये सूर्योदय की तरह होगा. कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version