रांची: जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत रांची नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों को भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर्गत जनगणना संचालन निदेशालय, झारखंड ने सराहना की है. निदेशालय की ओर से रांची नगर निगम को प्रशंसा पत्र भेजकर निगम की सक्रियता, कार्यशैली और समयबद्ध कार्य निष्पादन की प्रशंसा की गई है.
झारखंड जनगणना संचालन के निदेशक प्रभात कुमार द्वारा नगर आयुक्त को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण की तैयारियों में रांची नगर निगम ने राज्यभर में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है. विशेष रूप से HLB Geo-tagging और HLB Demarcation जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को गंभीरता और दक्षता के साथ पूरा करने को लेकर निगम की सराहना की गई है.
प्रगति रिपोर्ट में रांची नगर निगम
पत्र के मुताबिक, 27 अप्रैल 2026 तक उपलब्ध प्रगति रिपोर्ट में रांची नगर निगम ने लगभग 100 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया है. इसे राज्य के अन्य शहरी निकायों के लिए भी प्रेरणादायक बताया गया है. निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि HLB Geo-tagging एवं Demarcation जनगणना प्रक्रिया की बुनियाद हैं और इन कार्यों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय सीमा के भीतर पूरा होना बेहद आवश्यक है.
जनगणना निदेशालय ने रांची नगर निगम की प्रशंसा की
जनगणना निदेशालय ने रांची नगर निगम की पूरी टीम के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए आगामी चरणों में भी इसी तरह सहयोग बनाए रखने की अपेक्षा जताई है, आने वाले दिनों में Self Enumeration, मकान सूचीकरण और मकानों की गणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे, जिनमें निगम की भूमिका अहम मानी जा रही है.
निगम की टीम को मिला श्रेय
नगर निगम प्रशासन ने इस उपलब्धि का श्रेय निगम के पदाधिकारियों, सुपरवाइजरों, फील्ड कर्मचारियों और तकनीकी टीम को दिया है. निगम के अनुसार, डिजिटल तकनीक, बेहतर समन्वय और टीमवर्क के कारण यह कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा हो सका. निगम प्रशासन ने कहा कि कर्मचारियों की मेहनत और समर्पण के कारण ही रांची नगर निगम राज्य में एक मॉडल के रूप में उभर रहा है.
जनगणना 2027 देश के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है. रांची नगर निगम की टीम ने पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य किया है. भारत सरकार के जनगणना निदेशालय से मिली यह सराहना हमारे कर्मचारियों की मेहनत और प्रतिबद्धता का परिणाम है, आने वाले चरणों में भी हम पूरी तत्परता के साथ कार्य करते हुए रांची को एक आदर्श शहरी निकाय के रूप में स्थापित करने का प्रयास जारी रखेंगे: सुशांत गौरव, नगर आयुक्त

