
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने यात्री सुरक्षा, रोजगार और कई मुद्दों पर रखी बात।
निर्माण के दौरान मंदिर पर नहीं करें कार्रवाई, स्थानीय समिति से बात कर समाधान निकालें।
लोहरदगा पैसेंजर ट्रेन में यात्रियों की महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें, महिला पुलिस की तैनाती हो।
होली स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का प्रस्ताव अविलंब भेजें।
स्टेशन के आसपास के दुकानदारों के लिए अटल वेंडर मार्केट के निर्माण का प्रस्ताव दें।
रांची से मुरी शटल ट्रेन का प्रस्ताव भेज, परिचालन करने की दिशा में कार्यवाही करें।
रांची। रांची और चक्रधरपुर रेल मंडल की मंडल स्तरीय सांसदों की बैठक आज रांची में संपन्न हुई। इस बैठक में रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने दोनों ही रेल मंडल में चल रही विकास योजनाओं, यात्री सुविधाओं से संबंधित विभिन्न विषयों पर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। इसके साथ ही रेल यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी, महिला रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, क्षेत्र की जनभावनाओं का ध्यान रखते हुए विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और यात्री और रेलवे के बीच बेहतर समन्वय पर सकारात्मक कार्य हेतु निर्देशित किया। इस बैठक में प्रमुख रूप से सांसद श्री विद्युत बरन महतो, श्री कालीचरण सिंह, श्री ज्योतिर्मय महतो, श्रीमती ममता मोहंता, श्रीमती जोबा मांझी, श्री सुखदेव भगत, श्रीमती महुआ माजी, दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक श्री अनिल कुमार मिश्रा सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि रांची लोहरदगा पैसेंजर ट्रेन में महिला यात्रियों की सुरक्षा की तरफ सबका ध्यान आकृष्ट कराया। स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि पैसेंजर ट्रेन में चलने वाली महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। ऐसे असामाजिक तत्व जो यात्रियों, विशेष रूप से महिला यात्रियों को परेशान करते हैं; उन पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो। महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस बल की भी तैनाती रेल प्रशासन को निश्चित करे। इसके साथ ही इस ट्रेन में अतिरिक्त बोगी जोड़ने या इसका फेरे बढ़ाए जाने के लिए भी कार्यवाही करने को कहा ताकि अधिक से अधिक यात्री सुगमता पूर्वक अपनी यात्रा पूर्ण कर सकें। श्री सेठ ने कहा कि रांची सहित दक्षिण पूर्व रेलवे के कई रेल मंडल में स्टेशनों का पुनर्विकास हो रहा है। विकास से जुड़े कई कार्य हो रहे हैं। कई स्थानों पर 50-60 साल पुराने मंदिर भी स्थित है, जहां धार्मिक आयोजन होते हैं। आज मंडल स्तरीय बैठक में यह भी निर्देशित किया कि किसी भी मंदिर को नोटिस भेजने या उस पर कार्रवाई करने से पहले मंदिर समिति से बुलाकर बात करें। मुझे उसकी जानकारी दें और आपसी समन्वय के साथ उसका रास्ता निकालें। विकास बहुत जरूरी है, विकास होना चाहिए परंतु धार्मिक विरासत का संरक्षण भी आवश्यक है। धार्मिक स्थल को लेकर समाज की स्थिति नहीं बिगड़े, सद्भाव नहीं बिगड़े, किसी की भावनाएं खराब नहीं हो; इस बात का भी ध्यान रेल प्रशासन को रखना चाहिए।
उन्होंने बताया कि होली को लेकर अभी से रांची से विशेष ट्रेनों के परिचालन का प्रस्ताव भेजने के लिए निर्देशित किया। इसके साथ ही रांची से मुरी के लिए शटल ट्रेन के परिचालन का भी प्रस्ताव भेजने को कहा। इसके अलावे रांची से अयोध्या, लखनऊ, जयपुर, चेन्नई सहित कई क्षेत्रों में ट्रेनों का परिचालन का प्रस्ताव भेजने को कहा गया, जिसमें अधिकारियों ने बताया कि कई ट्रेनों के परिचालन का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया है। इसके अलावे रांची वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन दिन आरा-बक्सर होकर परिचालन करने का प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया। हावड़ा मुंबई मुख्य रेल मार्ग में स्थित सिनी रेलवे स्टेशन से मुरी जंक्शन तक एक शटल ट्रेन चलाने के लिए भी कहा, जो रांची से आने जाने वाली ट्रेनों को कनेक्ट कर सके। इससे ग्रामीण क्षेत्र की बड़ी आबादी को ट्रेनों की नई कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
======================
इसके अलावे इन बिंदुओं पर रक्षा राज्य मंत्री ने निर्देशित किए।
📌 मेसरा, बरकाकाना, रामगढ़, मैक्लुस्कीगंज, खलारी और राय रेलवे स्टेशन धनबाद रेल मंडल के अधीन आते हैं जबकि यह सभी रांची रेल मंडल से निकटवर्ती स्टेशन हैं। आज की बैठक में यह निर्देश दिया कि इन सभी स्टेशनों को रांची रेल मंडल में शामिल किया जाए। इससे संबंधित प्रस्ताव अविलंब रेलवे बोर्ड को भेजें।
📌 सिल्ली इलू बाईपास रेलवे लाइन इस क्षेत्र की महत्वाकांक्षी परियोजना है। जिससे रांची और टाटानगर की यात्रा और कम समय में तय की जा सकेगी। इस परियोजना को भी अविलंब धरातल पर उतारने हेतु निर्देशित किया।
📌 रांची और हटिया रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास हो रहा है। बड़ी संख्या में स्टेशन के बाहर लोग ठेले, खोमचे और रेहडी लगाकर अपना जीवन यापन करते हैं। इन लोगों को स्टेशन के आसपास से हटाने से पूर्व एक निश्चित समय सीमा तय करके नोटिस दिए जाने को निर्देशित किया। इसके साथ ही ऐसे लोगों को चिन्हित करके, उनके लिए स्टेशन परिसर के आसपास अटल वेंडर मार्केट बनाकर दुकान देने हेतु प्रस्ताव तैयार करने के लिए कहा।
📌 पुनदाग-भागलपुर सेल सिटी, न्यू पुनदाग जोहार नगर के समीप RUB और पहुंच पथ रेलवे लाइन के लिए रोड निर्माण की मांग लंबे समय से हो रही है। इसका सर्वे हो चुका है। इस पर भी अविलंब कार्रवाई करने को कहा है।
📌 नामकुम रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म संख्या 1 से बिशप वेस्ट कोट स्कूल तक फुट ओवर ब्रिज के निर्माण हेतु भी निर्देशित किया।
📌 आदरडीह से मिलन चौक पथ पर बांदू अंडरपास के समीप रेलवे का एप्रोच रोड काफी जर्जर स्थिति में है। इसका निर्माण कार्य आरंभ करने हेतु भी निर्देशित किया।
📌 ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में स्थित झिमड़ी में पेयजल की सुविधा और यात्री शेड निर्माण करने के लिए भी निर्देशित किया।
📌 केतारी बागान, चुटिया में फ्लाईओवर निर्माण के दौरान आम नागरिकों को आवागमन में समस्या हो रही है। इसके समाधान हेतु रेलवे क्रॉसिंग से मुंडागड़ा अंडरपास तक रेलवे की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कर, 15 फीट चौड़ी सड़क की व्यवस्था करने को कहा ताकि लोगों का आवागमन सुगम हो सके।
📌 इसके अलावे रांची और हटिया के निकटवर्ती पिस्का स्टेशन में ट्रेनों का ठहराव बढ़ाने को कहा ताकि उस क्षेत्र के हजारों यात्री इससे लाभान्वित हो सके और पिस्का स्टेशन का भी विकास हो सके।
📌 ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में स्थित फाटक संख्या के KS7 के पास फुट ओवर ब्रिज के निर्माण के लिए भी निर्देशित किया ताकि इस क्षेत्र के विद्यार्थी, व्यवसायी व ग्रामीणों का आवागमन सुगम हो सके।
📌 KS7 अंडरपास (ईचागढ़) के अंदर की दीवार के दोनों छोर तरफ पानी के रिसाव की सूचना आई है। इस पर भी पहल करते हुए त्वरित कार्रवाई को कहा है।
📌 प्रस्तावित कांडरा नामकुम रेलवे लाइन परियोजना की वस्तु स्थिति की जानकारी मांगी।
📌 ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के चांडिल गोल चक्कर के पास करीब 55 एकड़ में चक्रधरपुर रेल मंडल का एक बड़ा तालाब है। इसकी साफ सफाई और इसके जीर्णोद्धार के साथ ही पर्यटन की दृष्टि से इसके विकास के लिए भी निर्देशित किया।

