
अप्रैल में होगा युवा आजसू का महाधिवेशन
बेहतर झारखंड निर्माण के लिए
संघर्ष करें युवा : सुदेश महतो
रांची। युवा आजसू की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला केंद्रीय कार्यालय, हरमू में आयोजित की गई। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो उपस्थित रहे। कार्यशाला में तय हुआ कि अप्रैल में युवा आजसू का केंद्रीय महाधिवेशन आयोजित किया जाएगा, जिसकी तिथि की घोषणा शीघ्र होगी। यह भी तय हुआ कि केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो प्रत्येक जिला में युवाओं से संवाद करेंगे।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि युवाओं को संगठित और सशक्त नेतृत्व प्रदान करने के उद्देश्य से युवा आजसू का गठन किया गया है। श्री महतो ने कहा कि युवा आजसू में जवाबदेह और वैचारिक कार्यकर्ता तैयार किए जाएंगे। झारखंड के औचित्य और झारखंडी मूल्यों को स्थापित करने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।
श्री महतो ने कहा कि निकम्मी सरकार की नीतियों के खिलाफ और बेहतर झारखंड के निर्माण के लिए युवाओं को संघर्ष करने के लिए तैयार रहना होगा। युवा शक्ति ही समाज और राज्य के भविष्य को दिशा देने का काम करती है, इसलिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में राज्य में जो परिस्थितियां उत्पन्न हुई हैं, उन्हें चुनौती देने के लिए युवाओं को आगे आकर नेतृत्व अपने हाथों में लेना होगा, ताकि झारखंड के विकास और प्रगति को नई दिशा दी जा सके।

