लोयाबाद कांड पर जांच दल की
प्राथमिक रिपोर्ट सुदेश को प्रस्तुत

आजसू की केंद्रीय समिति की
बैठक 8 जून को बोकारो में होगी

आजसू पार्टी के प्रमुख नेताओं की बैठक आज केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो की अध्यक्षता में उनके बुकरु स्थित आवासीय कार्यालय में हुई। बैठक में आजसू के स्थापना दिवस, महिला अधिवेशन, युवा सम्मेलन, बीएलए प्रशिक्षण और धनबाद के लोयाबाद कांड पर चर्चा हुई। बैठक में सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, विधायक निर्मल महतो, पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, महासचिव संजय मेहता, वरिष्ठ नेता बबीता देवी आदि उपस्थित थे।

बैठक में तय किया गया कि विभिन्न मुद्दों और संगठनात्मक चर्चा के लिए पार्टी की केंद्रीय समिति की बैठक आगामी 8 जून को बोकारो में आयोजित की जाएगी, जिसमें केंद्रीय पदाधिकारियों तथा केंद्रीय सदस्यों के अलावा जिलाध्यक्ष भी बैठक में उपस्थित रहेंगे।

बैठक में लोयाबाद कांड को लेकर सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी के नेतृत्व वाले केंद्रीय दल की प्राथमिक रिपोर्ट केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो को प्रस्तुत की गई तथा उसपर चर्चा हुई। पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने विस्तार से केंद्रीय दल की रिपोर्ट की जानकारी दी। बैठक में लोयाबाद प्रकरण के लिए पुलिस–प्रशासन की नाकामी की निंदा की गई। तय हुआ कि इस संबंध में केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो द्वारा मुख्यमंत्री, गृह सचिव तथा डीजीपी को घटना की सच्चाई से अवगत करवाया जाएगा तथा निष्पक्ष जांच के लिए आग्रह किया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version