
रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. रांची में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि बहुत हुई महंगाई की मार, अब विदा हो मोदी सरकार और आरोप लगाया कि 2014 से 2026 के बीच देश में हर जरूरी चीज की कीमतों में लगभग दोगुनी बढ़ोतरी हुई है.
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने 2014 में बहुत हुई महंगाई की मार, अबकी बार मोदी सरकार का नारा दिया था, लेकिन अब उसी नारे का उल्टा समय आ गया है. उन्होंने दावा किया कि रसोई गैस से लेकर पेट्रोल-डीजल तक आम लोगों की पहुंच से बाहर होता जा रहा है. खासकर कमर्शियल गैस की कीमतों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 2014 में जहां इसकी कीमत करीब 900 रुपये थी, वहीं अब यह बढ़कर लगभग 3000 रुपये तक पहुंच गई है.
उन्होंने कहा कि महंगाई का सबसे ज्यादा असर आम लोगों और छोटे व्यवसायों पर पड़ रहा है. शादी-ब्याह का सीजन चल रहा है, लेकिन कैटरिंग व्यवसाय प्रभावित हो रहा है. होटल इंडस्ट्री पर दबाव है और ठेला-खोमचा चलाने वाले लोग भुखमरी की स्थिति में पहुंच रहे हैं. इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि बाजार में कालाबाजारी अपने चरम पर है और आम लोगों को घरेलू गैस सिलेंडर पाने के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है.
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि गैस वितरण को लेकर बार-बार नियम बदले जा रहे हैं, जिससे लोगों को और परेशानी हो रही है. कभी 15 दिन तो कभी 25 दिन का नियम लागू कर दिया जाता है, जिससे उपभोक्ताओं में भ्रम और असुविधा बढ़ रही है, उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिसे उन्होंने महंगाई का एक और बड़ा झटका बताया.
केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है. हमारा रुपया लगातार गिर रहा है, जबकि पड़ोसी देश बांग्लादेश की मुद्रा की स्थिति हमसे बेहतर हो गई है

